एक महीने तक पुराने बिल पर जमा होगा हाउस टैक्स

टैक्स नियमावली में संशोधन हुआ तो भी पुराने बिल पर नहीं बढ़ेगा टैक्स

शहर से भी गायब होंगी शराब की दुकानें, नगर निगम कार्यकारिणी में लिए गए महत्वपूर्ण फैसले

ALLAHABAD: कॉमर्शियल हाउस टैक्स में पांच से दस गुना बढ़ोत्तरी की वजह से अभी तक हाउस टैक्स जमा नहीं करने वालों को नगर निगम ने एक महीने का गोल्डेन ऑफर देने का निर्णय लिया है। जिसका फायदा शहर के करीब 20 हजार कॉमर्शियल हाउस टैक्स होल्डर्स को मिलेगा। इस ऑफर का फायदा उठाने के लिए लोगों को पुराने टैक्स बिल को लेकर नगर निगम में टैक्स पे करना होगा। सोमवार को यह निर्णय नगर निगम के मूल बजट पर चर्चा के लिए आयोजित कार्यकारिणी की मीटिंग में लिया गया। शहर के अंदर स्कूल, कॉलेज व मंदिर-मस्जिद के पास चल रही शराब की दुकानें हटाने का भी फैसला लिया गया।

बजट प्रस्ताव को कर दिया पास

वित्तीय वर्ष 2017-18 के लिए नगर निगम प्रशासन ने बजट प्रस्ताव तैयार कर लिए हैं। सोमवार को कार्यकारिणी इन प्रस्तावों पर चर्चा और मुहर लगाने के लिए बुलाई गई थी। मेयर अभिलाषा गुप्ता, नगर आयुक्त शेषमणि के साथ ही अन्य अधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों की मौजूदगी में प्रस्तावित बजट पर चर्चा हुई। नगर निगम के मूल बजट में कार्यकारिणी सदस्यों ने कुछ संशोधन किया, वहीं जलकल के बजट को बगैर किसी संशोधन के पास कर दिया गया।

महत्वपूर्ण फैसले

प्रधान कार्यालय में भी बनेगा प्रमाण पत्र: जोनल कार्यालयों में जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा शुरू होने के बाद नगर निगम के प्रधान कार्यालय में जन्म मृत्यु का प्रमाण पत्र बनना बंद हो गया था। अब प्रधान कार्यालय में भी प्रमाण पत्र बनेगा।

प्रतिबंधित एरिया में नहीं चलेगी शराब की दुकान: सुप्रीम कोर्ट के नियमानुसार मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारा, स्कूल, कॉलेज, रिहायशी एरिया के 500 मीटर के दायरे में शराब की दुकानें नहीं होनी चाहिए। इस पर सख्ती से पालन किया जाएगा। जिसके लिए जिला प्रशासन के साथ ही आबकारी विभाग को भी लेटर लिखा जाएगा। समय देने के बाद दुकानों को हटवाया जाएगा।

शहर से बाहर होंगे पशु पालक: हाईकोर्ट का आदेश है कि जितने पशु पालक हैं उनको शहर से बाहर करते हुए कैटिल कालोनी में भेजा जाए। जो न जाए उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश का भी सख्ती से पालन किया जाएगा। पशु पालकों को शहर से बाहर करते हुए कैटिल कॉलोनी में भेजा जाएगा। दुधारू जानवरों पर लगे लाइसेंस फीस को सोमवार से बंद किए जाने का निर्णय लिया गया। उसका रिन्यूअल नहीं होगा और फीस भी नहीं लिया जाएगा। लाइसेंस अब नहीं बनेगा और न ही रिन्यूवल होगा।

टेम्पो और विक्रम को बंद कराएगा नगर निगम: पर्यावरण को देखते हुए टेम्पो और विक्रम का संचालन शहर में बंद कराए जाने का निर्णय लिया गया। वे या तो वे पर्यावरण के मानक के अनुसार चलें या फिर संचालन पूरी तरह से बंद करें। इसके लिए आरटीओ को लेटर भेजा जाएगा।

जलकल से मांगी रिपोर्ट: नगर निगम के मूल बजट पर चर्चा करने के साथ ही जलकल के प्रस्तावित बजट पर भी चर्चा हुई। जिसमें कोई संशोधन नहीं हुआ, लेकिन व्यवस्थाओं में सुधार कर पांच दिन के अंदर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया गया। कहा गया कि नगर निगम की तरह जलकल में भी सारे काम ई टेंडर से कराए जाएं। पद के अनुरूप ही अधिकारियों व कर्मचारियों से काम लिए जाएं। खराब हो चुके चौराहों पर लगे वाटर पोस्ट की जगह प्राइवेट कंपनी द्वारा मशीन लगाए जाने की व्यवस्था की जाए। पंप मेंटीनेंस के लिए 25 लाख रुपये का कोश निर्धारित किए जाने का आदेश दिया गया। मीटिंग में कार्यकारिणी उपाध्यक्ष सुशील यादव, पार्षद निजामुद्दीन, बबलू फनटाइम, शिवसेवक सिंह, संजय गुप्ता, बबलू यादव, चंद्रभूषण सिंह, अतहर रजा लाडले, नीरज गुप्ता मौजूद रहे।

बाक्स

उपाध्यक्ष पर लगाया 500 रुपये का जुर्माना

योगी सरकार ने सरकारी कार्यालयों में पान-गुटखा खाने पर पूर्ण पाबंदी लगा दी है। इसके बाद भी सोमवार को मूल बजट पर चर्चा के लिए आयोजित कार्यकारिणी की मीटिंग में कार्यकारिणी उपाध्यक्ष सुशील यादव पान खाकर पहुंचे। मीटिंग के दौरान मुंह में पान भरे रहने पर उन पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया और पान थूकवाया गया।

2017-18 के लिए प्रस्तावित बजट

प्रारंभिक अवशेष 88 करोड़

अनुमानित आय 4.47 अरब

प्रारंभिक अवशेष सहित कुल अनुमानित आय

पांच अरब, 35 करोड़ 49 लाख 90 हजार

वर्ष का कुल अनुमानित व्यय

पांच अरब 35 करोड़ 49 लाख 23 हजार 459 रुपया

वर्ष के अंत में संभावित अवशेष

66 हजार 541

जलकल विभाग का प्रस्तावित बजट

प्रारंभिक अवशेष

11 करोड़ 12 लाख

अनुमानित आय

95 करोड़ 39 लाख

प्रारंभिक अवशेष सहित कुल अनुमानित आय

106 करोड़ 51 लाख

वर्ष का कुल अनुमानित व्यय

100 करोड़ तीन लाख

वर्ष के अंत में कुल अवशेष

छह करोड़ 68 लाख

कार्यकारिणी में लिए गए निर्णय

पेट्स की लाइसेंस फीस 70 रुपये की गयी

गधे-खच्चर का लाइसेंस शुल्क 100 रुपये किया गया

वाहन पार्किंग और साइकिल स्टैंड से इनकम बढ़ाकर एक करोड़ रुपये करेंगे

ठेला बैलगाड़ी की आय को नौ लाख रुपये किया गया

लकड़ी के टाल से आय पांच लाख रुपये किया गया

पार्किंग व्यवस्था होने पर अस्पताल व कोचिंग से शमन शुल्क वसूला जाएगा

महिला शिल्प भवन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं के लिए नगर निगम में आयोजित की जाएगी महिला शिल्प प्रदर्शनी

कोचिंग, हॉस्पीटल और स्कूल कॉलेज अगर स्वयं स्टैंड चलाना चाहता है तो पहले उसे वरीयता दी जाएगी

कटघर और रामबाग में बन रहे स्मार्ट रोड का काम 30 अप्रैल तक पूरा नहीं हुआ तो ठेकेदार की जमानत राशि जब्त करके संस्था की जाएगी ब्लैक लिस्टेड

निगम की नजूल भूमि से कब्जा हटाया जाएगा

Posted By: Inextlive