-नगर निगम की टीम ने पांडेयपुर से सारनाथ तक हटाया एनक्रोचमेंट

- पुलिस की मदद से आगे भी चलता रहेगा अभियान

VARANASI

नगर आयुक्त गौरांग राठी की सख्ती के चलते नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी है। शुक्रवार को स्थानीय पुलिस की मदद से पांडेयपुर से सारनाथ तक सड़क किनारे कब्जा किए रेहड़ी और पटरी वालों को खदेड़ दिया गया। इसके अलावा मुढ़ैला में गोदाम पर छापेमारी कर 80 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गई।

शहर मेंपांडेयपुर से सारनाथ के बीच शुक्रवार को नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस की मदद से सड़क किनारे पटरी कब्जाने वालों को खदेड़ा गया। साथ ही नगर निगम ने चेतावनी दी अगर पटरी पर दोबारा कब्जा किया गया तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर होगी। उधर, गोदौलिया में रोड किनारे लगे ट्रांसफॉर्मर को शिफ्ट करने के लिए बिजली विभाग के इंजीनियर्स के साथ ट्रांसफार्मर के बेस के लिए खुदाई की गई।

80 किलो पॉलिथीन जब्त

नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने शुक्रवार को मोढै़ला के दो प्लास्टिक गोदामों में छापेमारी करके वहां से 80 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की। एक गोदाम पर 40 हजार और दूसरे गोदाम पर 50 हजार जुर्माना लगाया गया। अपर नगर आयुक्त अजय कुमार सिंह ने बताया कि मोढै़ला के चुरामनपुर स्थित एचएन उद्योग पर छापेमारी की गई। वहां पैंकिंग करने वाला 9 किलो पॉलिथीन मिला। एक और गोदाम पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में पॉलिथीन मिला। वहां मौजूद मालिक पर 50 हजार जुर्माना लगाकर मौके पर वसूल किया गया।

पुलिस की मदद से शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम का अभियान जारी रहेगा। अब सड़क किनारे या पटरी पर कब्जा करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

-विनय कुमार राय, तहसीलदार

Posted By: Inextlive