पार्षद के चुनाव की तैयारी कर रहे दिग्गजों को लगेगा झटका

नए सिरे से हुआ वार्डो का परिसीमन, शासन को भेजी गई रिपोर्ट

ALLAHABAD: शासन के दबाव और आरोप-प्रत्यारोप के बीच आखिर कर नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन ने परिसीमन रिपोर्ट तैयार कर ली है। सूत्रों के अनुसार नए सिरे से परिसीमन तैयार होने के चलते वार्डो की चौहद्दी बदल गई है। इसके आधार पर चुनाव हुए तो पार्षदी के चुनाव की तैयारी कर रहे प्रत्याशियों का समीकरण बदल सकता है। मंगलवार की देर रात रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। जिसके आधार पर जल्द ही नोटिफिकेशन जारी कर आपत्तियां मांगी जाएंगी।

अप्रैल का परिसीमन हो जाएगा चेंज

अप्रैल महीने में नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन ने शहर के 80 वार्डो का परिसीमन किया था। जिसे नगर विकास विभाग को भेजा गया था। नगर निगम की रिपोर्ट के आधार पर नगर विकास विभाग ने 17 अप्रैल को नोटिफिकेशन जारी करते हुए लोगों से परिसीमन पर आपत्ति मांगा था। जिसके लिए एक सप्ताह का समय दिया गया था। पूर्व में कराए गए परिसीमन में जहां कई वार्डो का नंबर बदल गया था। जनसंख्या में बंटवारा करते हुए 12 नए वार्ड बनाए गए थे। ईश्वर शरण आश्रम और बाई का बाग वार्डो की जगह दो नए वार्ड प्रयागराज और करैलाबाग द्वितीय बने थे।

अप्रैल के परिसीमन में आरक्षण

24 वार्ड जनरल

14 वार्ड एससी

15 वार्ड ओबीसी

18 वार्ड महिला

पार्षदों को थी आपत्ति

इस परिसीमन पर तत्कालीन पार्षदों ने आपत्ति जताई थी। आरक्षण पर शासन ने भी आपत्ति जताते हुए नए सिरे से वार्डो की चौहद्दी और जनगणना 2011 के आधार पर फिर से सर्वे कराने का आदेश दिया था। जिसके आधार पर नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन ने नए सिरे से परिसीमन रिपोर्ट तैयार की है। पूर्व के परिसीमन में जहां बढ़े हुए वोटरों को अलग-अलग वार्डो में शामिल किया गया था। उन्हें नए रिपोर्ट में पूर्व के वार्डो में कर दिया गया है।

शासन के आदेश पर जनगणना 2011 के आधार पर परिसीमन रिपोर्ट तैयार की गई है। जिसमें वार्डो की चौहद्दियां बदल गई हैं। जिसमें नियमों का पूरा ध्यान रखा गया है। शासन को रिपोर्ट भेज दी गई है। नोटिफिकेशन जारी होने के बाद आपत्ति मांगी जाएगी।

संजय कुमार सिंह

अपर नगर आयुक्त, नगर निगम, इलाहाबाद

Posted By: Inextlive