- नगर निगम की चौकियों पर ताला लगाकर कर्मी रहते हैं नदारद

- चौकियों पर तैनात कर्मचारियों से जुड़ी शिकायतों की बढ़ी संख्या

VARANASI

नगर निगम की ओर से शहर में बनाई गई सफाई चौकियों पर कर्मचारियों की मनमानी चरम पर है। यहां तैनात कर्मचारी अक्सर चौकी पर ताला लटकाकर नदारद रहते हैं। जिससे पब्लिक अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए नगर निगम के जोन और प्रधान कार्यालय में दौड़भाग करते हैं। इधर बीच, सफाई चौकियों के कर्मचारियों की तमाम शिकायतें सामने आई हैं। अफसरों के औचक निरीक्षण में भी कर्मचारी नदारद मिले हैं। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने शनिवार को शहर की कुछ सफाई चौकियों का रियलिटी चेक किया तो सच्चाई सामने आ गई। दो चौकियों पर ताला लटका मिला।

सीन 01: सिगरा वार्ड चौकी

नगर निगम के ठीक पीछे स्थित सिगरा वार्ड की सफाई चौकी पर कर्मचारी ताला लगाकर गायब थे। यहां कोई बताने वाला नहीं था कि कर्मचारी कब रहते हैं और कब जाते हैं। नगर निगम की नाक के नीचे जब यह हाल है तो अन्य चौकियों की हालत खुद समझी जा सकती है।

सीन 02: भेलूपुर जोन ऑफिस चौकी

भेलूपुर जोन ऑफिस में बनी सफाई चौकी में भी दोपहर में ताला लटका था। कर्मचारियों का अता-पता नहीं था। आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि अक्सर कर्मचारी चौकी से नदारद रहते हैं।

व्यवस्था हो टाइट तो कर्मचारी हों राइट

नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से करीब 25 साल पहले सफाई चौकियों की स्थापना इस उद्देश्य से की गई थी कि पब्लिक सफाई, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र समेत अन्य बुनियादी समस्या होने पर यहां शिकायत कर सके। फिर कर्मचारी शिकायत को खुद या फिर अफसरों के संज्ञान में लाकर समाधान करा सकें, लेकिन कर्मचारियों की मनमानी से निगम की यह मंशा फलीभूत होती नहीं नजर आ रही है। अफसरों के निरीक्षण आदि के बाद कर्मचारी मुस्तैद हो जाते हैं, लेकिन कुछ दिन बाद फिर स्थिति जस की तस हो जाती है।

हेल्पलाइन व अफसरों के पास बढ़ीं शिकायतें

नगर निगम की हेल्पलाइन और उच्चाधिकारियों के पास ऐसी शिकायतों की संख्या बढ़ गई है, जिनका समाधान सफाई चौकियों या जोन ऑफिसों के माध्यम से हो सकता है। खासकर शहर के विभिन्न मोहल्लों में व्याप्त सफाई और सीवर प्रॉब्लम से जुड़ी शिकायतों की भरमार हो गई। सफाई चौकियों के निष्क्रिय होने से ऐसा हुआ। शिकायत करने वालों में पब्लिक के साथ ही बड़ी संख्या में पार्षद भी शाि1मल हैं।

एक नजर

- 05 जोन हैं शहर में

- 14 सब जोन हैं नगर निगम के

- 17 सफाई चौकियां हैं निगम की

- 04 से 07 कर्मचारी तैनात हैं चौकियों पर

- 14 सफाई निरीक्षक तैनात हैं निगम में

- 2750 सफाईकर्मी हैं नगर निगम में

सफाई चौकियों पर तैनात कर्मचारियों को पब्लिक की समस्या दूर करने की सख्त ताकीद की गई है। अगर वे ऐसा नहीं कर रहे हैं तो जांच कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

डॉ। एके दूबे, नगर स्वास्थ्य अधिकारी

Posted By: Inextlive