-भाजपा में लगाई सेंध, भाजपा के दो सदस्यों ने दिया सुशील को वोट

-भाजपा प्रत्याशी सोनिका अग्रवाल पड़ गई अकेले, केवल खुद के वोट से करना पड़ा संतोष

ALLAHABAD: नगर निगम के कार्यकारिणी उपाध्यक्ष पद पर वार्ड 58 दरियाबाद के पार्षद एवं कार्यकारिणी सदस्य सपा नेता सुशील कुमार यादव का जलवा बरकरार रहा। भाजपा पार्षद एवं कार्यकारिणी सदस्य सोनिका अग्रवाल को क्लीन स्वीप करते हुए उन्होंने मैदान मार लिया। यही नहीं भाजपा के राजनैतिक खेमे में सेंध लगाते हुए हड़कंप मचा दिया।

सुशील को नौ और सोनिका को मिला केवल अपना वोट

उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए कार्यकारिणी के 12 सदस्यों को मतदान करना था। मैदान में केवल दो दावेदार थे सपा के सुशील कुमार यादव और भाजपा की सोनिका अग्रवाल। कार्यकारिणी में दोनों ही पार्टियों के चार-चार सदस्य हैं। इसलिए टक्कर कांटे की थी। लेकिन, भाजपा सदस्यों ने भाजपा प्रत्याशी का ही साथ नहीं दिया। 12 में से एक सदस्य ने चुनाव का बहिष्कार किया। वहीं एक का मतदान इनवैलिड करार दिया गया। जिसके बाद बचे दस में से नौ मत सुशील यादव को मिले। सोनिका अग्रवाल को केवल खुद का मत मिला। भाजपा कार्यकारिणी सदस्यों ने भी सोनिका अग्रवाल का साथ नहीं दिया। चुनाव प्रक्रिया मेयर अभिलाषा गुप्ता, नगर आयुक्त देवेंद्र कुमार पांडेय एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ। सुशील यादव की जीत के बाद मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया गया।

दादरी कांड के विरोध में नहीं दिया वोट

नगर निगम कार्यकारिणी सदस्य निजामउद्दीन ने उपाध्यक्ष चुनाव के लिए मतदान नहीं किया। उन्होंने दादरी हत्याकांड के विरोध में उपाध्यक्ष चुनाव का बहिष्कार किया। कहा कि बिहार चुनाव की तरह उपाध्यक्ष चुनाव में सपा और भाजपा की गठजोड़ है। दोनों ही पार्टियां इखलाक की मौत की जिम्मेदार हैं, इसलिए वे वोट नहीं करेंगे।

किरन जायसवाल का वोट किया इनवैलिड

नगर निगम उपाध्यक्ष चुनाव का परिणाम गुरुवार को जब दोपहर के समय आया तो कार्यकारिणी सदस्य पार्षद किरन जायसवाल के मतदान को नगर आयुक्त देवेंद्र कुमार पांडेय ने इनवैलिड करार दिया। क्योंकि, उन्होंने मतदान के दौरान अपने मोबाइल से फोटो खींची थी। जिस पर किरन जायसवाल ने मतगणना कक्ष में पहुंच कर विरोध जताया। कहा कि उन्होंने कार्यकारिणी सदस्य चुनाव के दौरान भी वोट डालते समय फोटो खींचा था, उस समय विरोध क्यों नहीं हुआ। किरन जायसवाल ने भाजपा सदस्यों की क्रास वोटिंग पर भी आक्रोश जताया।

Posted By: Inextlive