बरेली । नागरिकता संशोधन कानून(सीएए) के विरोध में प्रदर्शन की आशंका को लेकर फ्राइडे को सुबह से ही पुलिस अलर्ट थी। मुस्लिम बहुल्य इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई थी। जुमे की नमाज का देखते हएु मस्जिदों के आस-पास भी पुलिस का पहरा था। पुराने शहर के सैलानी क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। नौमहला मस्जिद में पुलिस और नमाज के लिए आए लोगों में तीखी झड़प हुई। तकरीर के दौरान एक-दो पुलिसकर्मी परिसर में दाखिल हो गए। मस्जिद में पुलिस की उपस्थिति पर नमाजियों ने कड़ा विरोध जताया। पुलिस और तीखी नोकझोंक के बाद पुलिसकर्मी परिसर से बाहर निकले। तब मामला शांत हुआ।

पुलिस से नोकझोंक

जुमे की नमाज से पहले नौमहला मस्जिद में तकरीर चल रही थी। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस पहले से ही मस्जिद के बाहर तैनात थी। तकरीर के दौरान एक-दो पुलिसकर्मी परिसर के अंदर दरवाजे के पास जाकर खड़े हो गए। लोगों की नजर पड़ी तो उन्होंने आपत्ति की। यह कहते हुए कि वे अंदर कैसे खड़े हो सकते हैं। उन्हें बाहर रहना चाहिए। इसी बीच नमाज के लिए भी लोग पहुंचना शुरू हो गए। अंदर परिसर में पुलिस की मौजूदगी का उन्होंने भी जमकर विरोध किया। पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। मामला बिगड़ते देख पुलिस वाले मस्जिद से बाहर निकल आए।

पुराना शहर में मुस्तैद रही पुलिस

बीते बुधवार की रात आजाद इंटर कॉलेज में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के कारण पुराना शहर पर प्रशासन की ज्यादा कड़ी नजर रही। सुबह से ही पुलिसकर्मी यहां पहुंचते रहे। आजाद इंटर कॉलेज से लेकर सैलानी समेत अन्य मस्जिदों के आस-पास पुलिस बल की उपस्थिति दिन भर प्रशासनिक सक्रियता का एहसास कराती रही।

Posted By: Inextlive