गाजियाबाद में किशोरी का अपहरण कर किया गया था रेप

आरोपी युवक को गाजियाबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा था जेल

Meerut। गाजियाबाद से नारी निकेतन भेजी गई किशोरी कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही पांच महीने की गर्भवती निकली है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक ये बात युवती के इलाज के दौरान सामने आई है, जिसके बाद से स्वास्थ्य विभाग सकते में है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

ये है मामला

जानकारी के मुताबिक, गाजियाबाद की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी का एक युवक ने अपहरण कर लिया था। युवक ने अपहरण करने के बाद किशोरी के साथ रेप भी किया था। किशोरी के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ रेप और पोस्को एक्ट मुकदमा दर्ज कराया था। जिसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मगर घटना के बाद किशोरी ने अपने परिजनों के साथ जाने से मना कर दिया तो पुलिस ने गाजियाबाद में नारी निकेतन न होने के चलते किशोरी को मेरठ नारी निकेतन के लिए ट्रांसफर कर दिया था। यहां किशोरी को क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। इस दौरान उसकी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। मंगलवार को किशोरी को इलाज के लिए मेडिकल टीम अपने साथ ले गई थी। जिसके बाद इलाक के दौरान उसके गर्भवती होने का पता चला।

नारी निकेतन को कराया सेनेटाइज

बुधवार को किशोरी को मुलायम सिंह यादव हॉस्पिटल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। वहीं नारी निकेतन को पूरी तरह सेनेटाइज कराया गया है। वहीं एहतियात के तौर पर नारी निकेतन से भी सैंपल लेने की तैयारी कर रही है। वहीं जिला प्रोबेशन अधिकारी शत्रुध्न कन्नौजिया के छुट्टी पर होने के चलते उनकी जगह चार्ज सीडीओ विभाग के एक अधिकारी महेश कुमार कर्णवाल को दिया गया है। महेश कुमार कर्णवाल ने बताया कि किशोरी को मुलायम सिंह यादव हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Posted By: Inextlive