एक्सक्लुसिव न्यूज

- वर्ष 2015 में गांधी उद्यान में 135 फीट की ऊंचाई पर फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज

- संविधान के अनुसार नहीं हो रही ध्वज की देखरेख, हो रहा ध्वज का अपमान

BAREILLY:

गांधी उद्यान में शहर को गौरवान्वित करने के लिए बीडीए की ओर से लगाया गया तिरंगा फटने लगा है। बीडीए से लोगों ने इस झंडे की दुर्दशा के बारे में शिकायत भी की पर अभी तक इसे बदला नहीं जा सका है। गांधी उद्यान के अंदर मौजूद स्टाफ समेत वहां से गुजर रहे राहगीर तिरंगे के अपमान की बात कह रहे हैं। पर इससे बीडीए अधिकारियों को कोई सरोकार नहीं है। लोगों के मुताबिक बीडीए ने तिरंगा तो फहरा दिया है पर वह संविधान में तिरंगा फहराने के नियमों से वाकिफ नहीं।

20 मार्च 2015 को फहराया था

गांधी उद्यान में 135 फीट ऊंचाई पर फहराने वाले राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा का इनॉग्रेशन तत्कालीन बीडीए वीसी शशांक विक्रम सिंह ने किया था। साउथ अफ्रीका रवाना होने से पहले उन्होंने शाम को गांधी उद्यान में तिरंगा फहराने की औपचारिक रस्म अदा की थी। इसके कुछ दिन बाद तक ध्वज फहराया और फिर इसे उतारकर रख दिया गया। अगस्त में फिर से ध्वज को फहराने की रस्म अदा की गई। तब से अब तक महज दो बार ही ध्वज बदला गया है। जबकि नियमानुसार दो माह में ध्वज को बदलना चाहिए। बीडीए ने इस नियम की अनदेखी की है।

राष्ट्रीय ध्वज फहराने के नियम

- झंडा हाथ से काते और बुने गए ऊनी, सूती, सिल्क या खादी से बना होना चाहिए

- झंडे का आकार आयताकार हो। लंबाई और चौड़ाई का अनुपात 3,2 का होना चाहिए

- केसरिया रंग को नीचे की तरफ करके झंडा लगाया या फहराया नहीं जा सकता

- सूर्योदय से सूर्यास्त के बीच ही तिरंगा फहराया जा सकता है। जमीन पर नहीं रख सकते

- आधा झुकाकर नहीं फहराया जाएगा सिर्फ सरकारी इमारत पर आधा झुकाने के आदेश हैं

- झंडे को पानी में नहीं डुबोया जा सकता। फिजिकल डैमेज नहीं पहुंचा सकते

- झंडे को जलाने या शाब्दिक अपमान पर तीन साल की जेल या जुर्माना या दोनों

- झंडे का कॉमर्शियल इस्तेमाल नहीं हो सकता, सलामी देने के लिए नहीं झुकेगा

- फटा या मैला-कुचैला झंडा नहीं फहराया जा सकता। झंडा फटने या मैला होने पर मर्यादित तरीके से पूरी तरह नष्ट करने का नियम है व अन्य

हाल ही में तिरंगे को बदला गया था। फिर से इसके फट जाने का मामला संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा है तो मुंबई से नया ध्वज मंगाकर इसे जल्द बदलवाएंगे।

सुरेंद्र कुमार, सचिव, बीडीए

Posted By: Inextlive