-गेल इंडिया ने प्लांट लगाने में दिखाया इंटरेस्ट

-अगले हफ्ते इंस्पेक्शन के लिए आएगी टीम

-वेस्ट प्रोसेसिंग शुरू होने से पास के लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

-बाउंड्री और रोड बनाने के लिए भी प्लान हो गया तैयार

-लोगों के खेतों में नहीं जाएगा जहरीला पानी

फिगर स्पीक्स

-500 मीट्रिक टन कचरा डेली निकलता है सिटी से

-1.83 लाख हाउस होल्डर्स हैं नगर निगम में रजिस्टर्ड

रांची : राजधानी में अब लोगों के घरों से निकलने वाला कचरा कचरा नहीं रहेगा। बल्कि इस कचरे से नेचुरल गैस तैयार की जाएगी, जिसका इस्तेमाल घरों में लोग खाना पकाने के लिए कर सकेंगे। चूंकि गेल इंडिया ने रांची नगर निगम के झिरी स्थित डंपिंग यार्ड में प्रोसेसिंग प्लांट लगाने में इंटरेस्ट दिखाया है। वहीं अगले हफ्ते गेल की टीम साइट इंस्पेक्शन के लिए भी आएगी। अगर सबकुछ ठीक रहा तो गेल जल्द ही डंपिंग यार्ड में वेस्ट से गैस का प्रोडक्शन शुरू कर देगी। वहीं पाइपलाइन से लोगों के घरों में सप्लाई भी की जाएगी।

गेल इंडिया ने घरों में शुरू कर दी है सप्लाई

गेल इंडिया ने सिटी गैस प्रोजेक्ट के तहत पाइपलाइन से घरों में गैस की सप्लाई शुरू कर दी है। इसके तहत लोग अपने घरों में गैस पर खाना बनाना भी शुरू कर दिए हैं। अब सिटी में पाइपलाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। जिससे कि ज्यादा से ज्यादा लोगों के घरों में गैस की सप्लाई शुरू की जा सके। वहीं, सिलेंडर के झंझट से भी लोगों को छुटकारा मिल जाएगा।

बदलेगी आसपास की व्यवस्था

डंपिंग यार्ड बनाए जाने के बाद से आसपास के लोगों का जीवन बदहाल हो गया था। जहां गंदगी और दुर्गध से मच्छरों का आतंक था। वहीं कचरे से निकलने वाला जहरीला पानी खेतों के लिए अभिशाप बन चुका था। इतना ही नहीं, कई लोगों के खेतों में तो अनाज भी नहीं उपज रहे थे। लेकिन वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट लगाने से ये सारी समस्याएं खत्म हो जाएंगी। चूंकि डंपिंग यार्ड की बाउंड्री का भी काम जल्द शुरू होगा।

गीला कूड़ा प्रोसेस, सूखा भेजा जाएगा सुकुरहुटू

सिटी में 1.83 लाख से अधिक हाउस होल्डर रजिस्टर्ड हैं। जहां से हर दिन 500 मीट्रिक टन कचरा निकलता है। जिसमें गीला और सूखा दोनों तरह का कचरा होता है। लेकिन दोनों कचरा मिक्स होने के कारण सेग्रीगेशन नहीं हो पाता। अब केवल गीला कचरा प्लांट में प्रोसेस किया जाएगा। वहीं सूखा कचरा जिसका इस्तेमाल भराव तक लिए किया जा सकता है उसे सुकुरहुटू भेज दिया जाएगा। बताते चलें कि सुकुरहुटू में ट्रांसपोर्ट नगर बनाया जा रहा है, जिसकी साइट पर भराव की जरूरत है।

गेल इंडिया सस्ती दर पर वेस्ट प्रोसेसिंग के लिए तैयार है। हमारी मीटिंग में कई चीजें डिस्कस हुई हैं। टेक्निकल इश्यू पर बात चल रही है। टीम अगले कुछ दिनों फाइनल करने के लिए आएगी। इसके बाद जल्द ही वेस्ट डिस्पोजल का काम शुरू कर दिया जाएगा।

मनोज कुमार, नागर आयुक्त, आरएमसी

Posted By: Inextlive