पंजाब चुनाव से पहले नवजोत सिंह सिद्धू पर उनकी एक कथित बहन ने गंभीर आरोप लगाए हैंं। अमेरिका में रहने वाली एक महिला जो सिद्धू की बहन होने का दावा कर रही है उसने सिद्धू को क्रूर बताया और कहा कि उन्होंने अपनी मां को घर से बाहर निकाल दिया था।

चंडीगढ़ (एएनआई)। पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले नवजोत सिंह सिद्धू पर एक महिला सुमन तूर ने गंभीर आरोप लगाए हैं। सुमन का दावा है कि वो पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की बहन हैं। उन्होंने अपने भाई, सिद्धू को एक 'क्रूर व्यक्ति' बताया और आरोप लगाया कि उसने उनके पिता की मृत्यु के बाद बूढ़ी मां को घर से निकाल दिया था।

बहन ने और क्या-क्या कहा
संयुक्त राज्य अमेरिका में रहने वाली सुमन तूर ने आरोप लगाया, "सिद्धू ने 1986 में हमारे पिता की मृत्यु के बाद हमारी बूढ़ी मां को घर से निकाल दिया था जो बाद में 1989 में दिल्ली रेलवे स्टेशन पर लावारिस अवस्था में मिली थी और उनकी मृत्यु हो चुकी थी।" बहन का आरोप है कि, नवजोत सिंह सिद्धू ने "पैसे के लिए सब कुछ" समाप्त कर दिया। उसने यह भी कहा कि पहले एक समाचार लेख में सिद्धू ने जो दावा किया था कि जब वह दो साल के थे तो उनके माता-पिता अलग हो गए थे, यह सरासर झूठ है।'?

नवजोत सिंह सिद्धू का रिएक्शन आना बाकी
इस बीच, आरोपों पर नवजोत सिंह सिद्धू की प्रतिक्रिया का अभी इंतजार है। मगर सिद्धू की इस कथित बहन के आरोपों ने पंजाब चुनाव में सरगर्मी बढ़ा दी है। बता दें पंजाब में 14 फरवरी को मतदान होगा और वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari