पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू शुक्रवार को यहां कार्यभार संभालने वाले हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को आमंत्रित किया जाना है। वहीं एआईसीसी में पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश रावत और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है।

चंडीगढ़ (पीटीआई)। पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू और चार अन्य कार्यकारी अध्यक्षों के शुक्रवार को यहां कार्यभार संभालने वाले हैं। इस कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को आमंत्रित किया जाएगा। नवजोत सिंह सिद्धू मौजूदा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ की जगह लेंगे। नवजोत सिंह सिद्धू और अमरिंदर सिंह पिछले कुछ समय से आमने-सामने हैं, अमृतसर (पूर्व) के विधायक ने हाल ही में बेअदबी के मामलों को लेकर सीएम पर हमला किया था। मुख्यमंत्री राज्य कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति के भी खिलाफ थे। नवजोत सिंह सिद्धू के उत्थान के बाद, सीएम ने कहा था कि वह उनसे तब तक नहीं मिलेंगे जब तक कि क्रिकेटर से राजनेता बने नवजोत सिंह सिद्धू उनके खिलाफ अपने "अपमानजनक" ट्वीट के लिए माफी नहीं मांगते।

मुख्यमंत्री से कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया जाएगा
पार्टी के एक नेता ने बुधवार को अमृतसर में संवाददाताओं से कहा कि मुख्यमंत्री से कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि नवनियुक्त प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और चार कार्यकारी अध्यक्षों की ओर से मुख्यमंत्री को न्योता भेजा जाना तय है। एआईसीसी में पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश रावत और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। अमरिंदर के कड़े विरोध के बावजूद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रविवार को सिद्धू को पार्टी की पंजाब इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया था। वहीं विधानसभा चुनावों में सिद्धू की सहायता के लिए चार कार्यकारी अध्यक्षों संगत सिंह गिलजियान, सुखविंदर सिंह डैनी, पवन गोयल और कुलजीत सिंह नागरा को भी नियुक्त किया।

अमरिंदर बोले सिद्धू "अपमानजनक" ट्वीट के लिए मांगे माफी
इससे पहले, पंजाब के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार ने कहा था कि मुख्यमंत्री सिद्धू से तब तक नहीं मिलेंगे जब तक कि वह सार्वजनिक रूप से उनके खिलाफ अपने "अपमानजनक" ट्वीट के लिए माफी नहीं मांगते। वहीं कुलजीत सिंह नागरा ने कहा कि उन्होंने एआईसीसी के पदाधिकारियों, मुख्यमंत्री और पार्टी कार्यकर्ताओं सहित कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया है। उन्हें नई टीम को आशीर्वाद देने के लिए कार्यक्रम में पहुंचना चाहिए। हम जाखड़ साहब और मुख्यमंत्री साहब से अनुरोध करते हैं कि वे इसमें शामिल हों। सूत्रों ने कहा कि नागरा के गुरुवार को अमरिंदर सिंह से मिलने की संभावना है, जबकि उन्हें शुक्रवार के समारोह के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया है।

Posted By: Shweta Mishra