सोशलाइट शादीशुदा युवती प्रियंका कपूर की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में दिल्ली पुलिस ने पति नितिन चावला को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार यानी 25 मार्च की रात को प्रियंका कपूर का शव दिल्ली के पॉश इलाके के ग्रेटर कैलाश पार्ट-1 के घर में लटका मिला था।

एकतरफा प्यार में पागल
प्रियंका कपूर का नितिन चावला के साथ प्रेम विवाह हुआ था। नितिन की यह दूसरी शादी थी, जबकि प्रियंका की पहली। प्रियंका ने इसी साल 6 जनवरी को नितिन से शादी की थी। सूत्रों के मुताबिक, प्रियंका कपूर और नितिन चावला में शादी के बाद ही विवाद था। प्रियंका ने सुसाइड नोट में भी लिखा है कि वह उसे मारता-पीटता था। वहीं प्रियंका की मां की माने तो शादी के केवल सप्ताह भर बाद ही प्रियंका और नितिन में अनबन शुरू हो गई थी। प्रियंका ने 30 जनवरी को अपनी मां को जानकारी दी थी।

मां को दी थी जानकारी

प्रियंका ने फोन कर मां को नितिन के गलत व्यवहार के बारे में बताया था, लेकिन उसकी मां को इस बात का अंदाजा नहीं था कि यह विवाद उनकी बेटी की जान ले लेगा। प्रियंका ग्रेटर कैलाश स्थित नितिन चावला के पब में कई बार आई थी। बताया तो यहां तक जा रहा है कि नितिन उसे देखते ही उस पर फिदा हो गया था। वह अक्सर प्रियंका का पब में इंतजार करता था। ज्यादा समय नहीं बीता और नितिन ने एक मौका देखकर अपने प्यार का इजहार कर दिया। प्रियंका को देखते ही उस पर फिदा हो चुका नितिन उससे शादी करना चाहता था।

पहली पत्नी को तलाक दिया

वह पहले से शादीशुदा था, यह बात भी उसने प्रियंका से बता दी थी। नितिन प्रियंका के प्यार में इस कदर पागल था कि उसने पहली पत्नी को तलाक देने के लिए भी राजी हो गया। इसके बाद कुछ समय में नितिन ने म्यूचुअल अंडरस्टैंडिंग के तहत अपनी पत्नी को तलाक दे दिया और प्रियंका से शादी कर ली। सूत्रों की माने तो प्रियंका से नितिन एकतरफा प्यार करता था। प्रियंका नहीं चाहती थी कि वह नितिन का घर उजाड़े, लेकिन नितिन भावनात्मक रूप से उसे ब्लैकमेल किया। आखिरकार उसे नितिन से शादी करनी पड़ी।

inextlive from India News Desk

 

Posted By: Shweta Mishra