- स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सीएम ने दी प्रदेशवासियों को बधाई

देहरादून, सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की 72 वीं वर्षगांठ पर बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में सीएम ने स्वतंत्रता संग्राम सैनानियों, देश रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सेना के जवानों व उत्तराखंड राज्य निर्माण के अमर शहीदों को नमन किया। कहा, सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास से हमें नए भारत का निर्माण करना है। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी ने उत्तराखंड को सैन्यधाम की संज्ञा दी है। हमारी सरकार शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजित कर रही है। देश के बहुत से राज्य बाढ़ की दुश्वारियों से जूझ रहे हैं, हम उनके कष्ट व पीड़ा को समझ सकते हैं। मुश्किल की इस घड़ी में हम उनके साथ हैं। प्रदेश में भी आपदा से जनधन का नुकसान हुआ है। लेकिन प्रभावितों को हर सम्भव मदद पहुंचाई जा रही है। सीएम ने कहा कि एक छोटा पर्वतीय राज्य होने पर भी हम न केवल देश की इकोलोजी बल्कि देश की इकोनोमी में भी अहम् योगदान कर रहे हैं। हाल ही में आयोजित हिमालयन कॉन्क्लेव में 11 हिमालयी राज्यों द्वारा एनवायरनमेंट व बायोडाइवर्सिटी के संरक्षण के साथ देश की समृद्धि में योगदान के लिए मसूरी संकल्प पारित किया गया।

Posted By: Inextlive