- नगर निगम की कार्यकारिणी में भाजपा के पांच प्रत्याशियों में तीन सेलेक्शन

- पिछली कार्यकारिणी के मुकाबले भाजपा को एक सीट का नुकसान

GORAKHPUR: नगर निगम की कार्यकारिणी के छह सदस्यों का निर्वाचन मान-मनौव्वल और पर्चा वापसी के बीच निर्विरोध हो गया। भाजपा में खींचतान के बीच पांच प्रत्याशी मैदान में उतरे तो संगठन को हस्तक्षेप करना पड़ा। लास्ट में दो प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया। निर्दल लड़ रहे एक प्रत्याशी ने भी नाम वापस लिया। पिछली कार्यकारिणी के मुकाबले भाजपा को एक सीट का नुकसान हुआ है। हालांकि भाजपा निर्दल पार्षद को अपना मानकर चल रही है।

खरीदे गए पर्चे, शुरू हो गई हलचल

नगर निगम की कार्यकारिणी के लिए चुनाव प्रक्रिया शनिवार को 15 मिनट देर से 11.15 बजे शुरू हुई। भाजपा पहले से ही निर्विरोध निर्वाचन के लिए आश्वस्त थी। सपा ने पहले ही दो प्रत्याशियों के नाम तय कर रखे थे। चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के साथ नामांकन पत्रों की बिक्री होने लगी तो भाजपा ने अपने तीन पूर्व घोषित पार्षद प्रत्याशियों के साथ ही धर्मशाला बाजार के पार्षद छट्ठी लाल उर्फ बबलू गुप्ता को चौथे उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतार दिया। इसी बीच नगर निगम की कार्यकारिणी के उपसभापति बृजेश सिंह छोटू ने भी पर्चा खरीद जमा कर दिया। इसके साथ ही भाजपा खेमे में हलचल मचने लगी। नामांकन पत्रों की जांच के बाद दोपहर एक बजे से 1.30 बजे तक का समय नाम वापसी के लिए तय किया गया। भाजपा खेमा मामला मैनेज करने में जुट गया।

पार्षद के पास ऊपर से आया फोन

सूत्रों की मानें तो भाजपा में मची खलबली के बीच एक पार्षद के पास किसी बड़े नेता का फोन आया। उन्होंने उपसभापति व कार्यकारिणी के लिए प्रत्याशी बृजेश सिंह छोटू से बड़े नेता की बात कराई। बात होने के बाद बृजेश सिंह छोटू मेयर से मिले और आखिरी मिनट में पर्चा वापस करने का निर्णय हुआ।

यह हुए निर्वाचित

भाजपा - आलोक सिंह विशेन, मनु जायसवाल, अभिषेक कुमार निषाद

सपा - शकुन मिश्रा, रमेश यादव

निर्दल - आनंद वर्धन सिंह

इन्होंने लिए थे पर्चे

भाजपा - अभिषेक निषाद, मनु जायसवाल, आलोक सिंह विशेन, छट्ठी लाल उर्फ बबलू गुप्ता, बृजेश सिंह छोटू

सपा - रमेश यादव, शकुन मिश्रा

निर्दल - संजय यादव, आनंद वर्धन सिंह

कार्यकारिणी में इनका कार्यकाल खत्म

भाजपा- चंद्रशेखर सिंह, बृजेश सिंह छोटू, संजय श्रीवास्तव, राधेश्याम रावत

सपा - शहाब अंसारी, संजय यादव

अभी कार्यकारिणी में यह हैं शामिल

भाजपा - रामभुआल कुशवाहा, अजय राय, राजेश तिवारी

सपा - आकाश चौहान, उजैर अहमद

निर्दल - संजीव सिंह

बॉक्स

कार्यकारिणी में शामिल होने वाली शकुन दूसरी महिला

वार्ड नंबर 36 से पार्षद शकुन मिश्रा नगर निगम की कार्यकारिणी में शामिल होने वाली दूसरी महिला हैं। इससे पहले भाजपा की रीता देवी कार्यकारिणी में रह चुकी हैं। जब गोरखपुर शहर महानगर पालिका था तब से सभासद और नगर निगम बनने के बाद पार्षद का पद शकुन मिश्रा के परिवार में है। शकुन मिश्रा के पति अरुण मिश्रा दो बार सभासद रह चुके हैं। उनके निधन के बाद शकुन मिश्रा 1995 से लगातार पार्षद हैं। भाजपा ने किसी महिला को प्रत्याशी नहीं बनाया था।

14 पर्चे बिके

नगर निगम सदन की 12 वीं बैठक में हुए चुनाव में 14 नामांकन पत्र लिए गए। चार सदस्यों ने दो-दो पर्चे लिए।

मेयर ने दी बधाई

मेयर सीताराम जायसवाल ने कार्यकारिणी के निर्विरोध निर्वाचित सभी सदस्यों को प्रमाण पत्र जारी करते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि महानगर का विकास ही हम सबकी प्राथमिकता है। इसके लिए हम सभी मिलजुलकर काम करेंगे। सीएम के निर्देशन में गोरखपुर सिटी विकास के पथ पर अग्रसर है। उनकी मंशा को हर हाल में पूरा किया जाएगा। इसके बाद मेयर ने बैठक समाप्त करने की घोषणा की।

Posted By: Inextlive