RANCHI: अमित शाह एक बार फिर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। इसके साथ ही झारखंड बीजेपी के अगले प्रदेश अध्यक्ष को लेकर भी अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं। कहीं अमित शाह की तरह ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ रविंद्र राय को भी दूसरा कार्यकाल देने की चर्चा है, तो कहीं पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंप कर सरकार व संगठन को साधने की बातें हो रही हैं। वहीं, नॉन ट्राइबल सीएम की भरपाई करने के लिए ट्राइबल नेता को भी प्रदेश अध्यक्ष बनाने की चर्चा जोरों पर है। कुछ लोग इस बार किसी महिला को भी मौका देने के पक्ष में हैं। इसको लेकर अभी तस्वीर साफ नहीं है, लेकिन इतना तय है कि इस बार झारखंड में प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव बीजेपी के लिए आसान नहीं हैं। गौरतलब हो कि रविवार को नई दिल्ली स्थित बीजेपी के केंद्रीय मुख्यालय में अमित शाह के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने का ऐलान हुआ। इस दौरान बीजेपी शासित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्षों व सीनियर नेताओं के साथ झारखंड के सीएम रघुवर दास व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रविंद्र राय भी मौजूद थे।

जातिगत-क्षेत्रीय संतुलन बड़ा रोड़ा

झारखंड प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में सामाजिक, जातिगत व क्षेत्रीय संतुलन साधने में बीजेपी को पसीने छूट रहे हैं। अगर अर्जुन मुण्डा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाता है, तो कोल्हान के खाते में ही मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष दोनों चले जाएंगे। ऐसे में बाकी क्षेत्रों के नेताओं में नाराजगी हो जाएगी। इसी तरह अगर बीजेपी मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष डॉ। रविन्द्र राय को दोबारा मौका देती है, तब भी मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष दोनों पदों पर गैर आदिवासी नेता हो जाएगा। इससे झारखंड के आदिवासी समाज के नाराज होने का खतरा है। बीजेपी इस खतरे को मोल नहीं ले सकती है।

नए चेहरे से डर रहा नेतृत्व

अगर बीजेपी किसी नए चेहरे को आजमाती है, तो इसकी आशंका भी है कि पता नहीं वह संगठन को लीड कर पाएगा या नहीं। ऐसे में बीजेपी नेतृत्व अभी फूंक-फूंक कर कदम रख रहा है। झारखंड में मंडल और जिला अध्यक्ष के चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली की शिकायत भी मिली है। इससे कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय नेतृत्व को अवगत करा दिया है। संभव है अगले एक-दो दिन में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह झारखंड के नेताओं के साथ मंत्रणा करनए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का एलान कर दें।

Posted By: Inextlive