पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान पर नीतीश कुमार ने पांचवी बार बिहार के मुख्‍यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्‍यपाल रामनाथ कोविंद ने उन्‍हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। लालू के दोनों बेटों तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव ने भी शपथ ली। इसके साथ ही दस साल बाद लालू परिवार सत्ता में लौटा।

ऐसी है जानकारी
इन दोनों के बाद अब्दुल बारी सिद्दीकी ने मंत्री पद की शपथ ली, बारी को मंत्रिमंडल में शामिल करने को लेकर काफी उठापटक चल रही थी। उनके बाद विजेंद्र प्रसाद यादव शपथ लेने आए। विजेंद्र यादव सुपौल से भाजपा प्रत्याशी कृष्ण कुमार को हराकर विधायक बने हैं। नीतीश कुमार के भरोसेमंद चेहरों में शामिल हैं और पहले भी मंत्री रह चुके हैं।
राजीव रंजन ने भी ली शपथ
राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह जदयू नेता और नीतीश कुमार के भरोसेमंद है। राजीव रंजन ने भी मंत्री पद की शपथ ली। विधान पार्षद ललन सिंह कई मंत्रालय संभाल चुके हैं। श्रवण कुमार नीतीश के खास माने जाते हैं। नीतीश सरकार में कई मंत्रालय संभाल चुके हैं। नालंदा से भाजपा के कौशलेंद्र कुमार को पराजित कर विधायक बने हैं।
ये भी रहे आगे
जय कुमार सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। जदयू नेता जय कुमार ने दिनारा से भाजपा के राजेंद्र प्रसाद को हराया है। राजेंद्र प्रसाद भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री पद के दावेदार माने जा रहे थे। पूर्व में भी नीतीश कुमार सरकार में मंत्री रह चुके हैं और नीतीश कुमार के खास माने जाते हैं। आलोक कुमार मेहता ने मंत्री पद की शपथ ली। उजियारपुर से रालोसपा के कुमार अनंत को पराजित कर विधायक बने हैं। आरजेडी नेता आलोक कुमार पूर्व में सांसद भी रह चुके हैं और लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाते हैं।
इन्होंने भी ली शपथ
राजद के चंद्रिका राय ने ली मंत्री पद की शपथ। लालू के विश्वासी चंद्रिका राय परसा से लोजपा के छोटेलाल राय को पराजित कर विधायक बने हैं। कांग्रेस नेता अवधेश कुमार सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अवधेश कुमार ने वजीरगंज से भाजपा के बीरेंद्र सिंह कर को पराजित कर विधायक बने हैं। जदयू नेता कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा ने ली मंत्री पद की शपथ। घोषी से हम उम्मीदवार राहुल शर्मा को 67 हजार से अधिक मतों से पराजित कर विधायक बने हैं।
लालू यादव का परिवार पहुंचा गांधी मैदान
इससे पहले शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए जहां लालू यादव का परिवार गांधी मैदान पहुंचा। वहीं फारुख अब्दुला और उमर अब्दुल्ला, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, ममता बेनर्जी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी भी मौजूद रहे। नीतीश की महाजीत के हीरो रहे प्रशांत किशोर भी नीतीश के साथ शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे। मंच पर जहां लालू और नीतीश एक दूसरे से गले मिले वहीं लालू प्रसाद के पुत्र तेजस्वी यादव व तेज प्रताप यादव ने नीतीश कुमार का पैर छूकर प्रणाम किया। लालू की ओर से इसे नीतीश को शिखर पर रखने के संकेत की रणनीति बताई जा रही है।
ये होगी पांचवी पारी
मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश की यह पांचवीं पारी होगी वहीं न्यूज चैनल्स की सूत्रों के हवाले से खबर के अनुसार राजद प्रमुख लालू यादव के दोनों बेटे तेजस्वी और तेज प्रताप भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। जहां तेजस्वी यादव की दावेदारी उपमुख्यमंत्री पद के लिए बताई जा रही है वहीं कहा जा रहा है कि तेज प्रताप को भी कोई महत्वपूर्ण विभाग दिया जा सकता है। खबरों की माने तो नीतीश के मंत्रिमंडल में 12 मंत्री जदयू के 12 मंत्री राजद के और कांग्रेस के चार मंत्री होंगे।

inextlive from India News Desk

 

Posted By: Ruchi D Sharma