Patna : मनीष कुमार ज्योति प्रकाश मुन्ना कुमार सन्नी कुमार मुतुरा. ये वो नाम हैं जिनके कारण अलीगंज रोहतास की लड़कियों का जीना दुश्वार हो गया है. उनलोगों ने घर से निकलना बंद कर दिया है. अपने ही घर में नजरबंद हो गई हैं.


चौबीस घंटे बाद भी नहीं
कॉलेज जाने के दौरान इन्हें परेशान करते हैं ये लफुए। इनके खौफ के कारण इस इलाके में पांच सालों से नौ लड़कियां घर से बाहर नहीं निकल पाई हैं। मनीष कुमार को छोड़ सारे लड़के अलीगंज के रहने वाले हैं। मनीष अलीगंज से डेढ़ किलोमीटर दूर इमीरता का रहने वाला है। राष्ट्रीय महिला आयोग की मेंबर चारू वलि खन्ना के बिहार दौरे के बाद इन पांचों की गिरफ्तारी की बात सामने आयी थी, पर अभी तक रोहतास पुलिस कुछ नहीं कर पाई है।

बेल पर छूट गया था
रोहतास एसपी मनु महाराज ने बताया कि एक अभियुक्त मुन्ना को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, पर वह बेल लेकर छूट गया। उधर, पीडि़ता की ओर से आवाज उठाने वाले संजीव ने बताया कि शिकायत को इतने हल्के तरीके से पेश किया गया कि वह आसानी से छूट गया। उस पर किसी बड़े लोग का हाथ है, जो इलाके में अपना आतंक बरकरार रखना चाह रहा है.

पांच सालों से न्याय की दरकार
छेड़खानी और अश्लील हरकत की यह घटना छह महीने या सालभर से नहीं हो रही है। पिछले पांच सालों से अलीगंज की लड़कियों का जीना दुश्वार हो गया है। पांचों लफुए लड़कियों को 2007 से ही के घर के बेसिक फोन पर कॉल कर रहा है। 2008 में अश्लील लेटर लिखने लगा, जिसकी शिकायत थाने को दी गयी, पर कुछ नहीं हुआ। उलटे लड़कियों की परेशानी दोगुनी हो गई। अब लड़कियों को पिस्टल की नोंक पर परेशान किया जाने लगा है। टैंपू में बैठकर मोबाइल से तस्वीर ले लेता है। कई बार तो राह चलते दुपट्टा खींचा गया।

तीन मई का जिक्र कैसे?
संजीव ने बताया कि लफुओं की वजह से लड़कियां खुद परेशान हैं। ऊपर से थाना जाने पर पूछा जाता है कि 'पहले की छोड़ो, आज की बताओ। आज भी हुई है छेड़खानी'। इतनी जिल्लत के बाद भी एसपी साहब के कहने पर डीएसपी की ओर से तीन मई 2012 की घटना का जिक्र किया गया है, जबकि तीन मई को ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं थी। संजीव ने बताया कि घटना को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है.

रोहतास जाएगी महिला आयोग की टीम
रोहतास में 9 लड़कियों से हुई छेड़खानी के मामले में बिहार स्टेट महिला आयोग ने कमान संभाल लिया है। आयोग की तीन सदस्यीय टीम ट्यूजडे को रोहतास के अलीगंज जाएगी। शनिवार को रोहतास के डीएम, एसपी को फैक्स से आयोग की टीम के जाने की खबर दे दी गयी है। टीम में आयोग की मेंबर साफिया अख्तर, रेखा द्विवेदी और सरिता शामिल हैं। साफिया अख्तर ने बताया कि पहले लड़कियों से मिलेंगे। थाना प्रभारी से भी सारी जानकारी लेंगे। उन्होंने बताया कि 2007 से यह घटना घट रही है लेकिन अभी तक उसे न्याय नहीं मिला है। यह हमारे लिए काफी चुनौती की बात है। हम लड़कियों को जरूर न्याय दिलवाएंगे। उन लड़कों को सजा जरूर मिलगी.

Posted By: Inextlive