RANCHI : रांची में कब मिलेगा लोगों को कंबल। कंबल मिलने के इंतजार में हजारों लोग प्रशासन की ओर नजरें गड़ाए हैं। उनको इंतजार है कि कंबल कब मिलेगा। रांची डीसी ने बताया कि अभी टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। टेंडर फ ाइनल होने के बाद ही पहले कंबल सप्लाई का ऑर्डर जारी किया जाएगा। फिर कंबल की आपूर्ति होगी। उसके बाद ही गरीबों के बीच कंबल का वितरण किया जाएगा। झारक्राफ्ट और झारखंड राज्य खादी बोर्ड ने भी गरीबों को कंबल उपलब्ध कराने में हाथ खड़े कर दिए हैं।

दिसंबर तक कंबल बंटेगा

रांची डीसी राय महिमापत रे ने बताया कि कंबल लेने के लिए टेंडर कर दिया गया है। 12 दिसंबर तक टेंडर फाइनल हो जाएगा, उसके बाद जल्द ही सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। दिसंबर महीने के अंत तक सभी लोगों को कंबल पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

10 लाख कंबल बांटे जाएंगे

झारखंड में गरीबों के बीच 10 लाख कंबल बांटे जाने हैं। इसपर 30.60 करोड़ रुपए खर्च होंगे। हर साल जिले के डीसी की देखरेख में कंबल वितरण किया जाता है। इस बार जिला श्रम अधिकारी को कंबल वितरण की जिम्मेवारी सौंपी गई है। 29 करोड़ रुपए अलॉट भी कर दिए गए हैं। पहले डीसी को यह अलॉटमेंट जाता था।

पिछले साल झारक्राफ्ट ने बांटे कंबल

कंबल वितरण को लेकर पिछले साल झारक्राफ्ट विवादों में रहा था। झारक्राफ्ट ने पिछले साल लगभग नौ लाख कंबलों का वितरण किया था। कंबल खरीद में बड़ा घोटाला हुआ। इस साल झारक्राफ्ट एक लाख ही कंबल उपलब्ध कराने की स्थिति में है। वहीं खादी बोर्ड ने अपने हाथ खड़े कर लिये हैं।

वर्जन

रांची जिले में कंबल बांटने की प्रक्रिया का टेंडर प्रोसेस शुरू कर दिया गया है। 12 दिसंबर टेंडर की लास्ट डेट है। इसके बाद जल्द ही कंबल बांटने का प्रॉसेस शुरू किया जाएगा, दिसंबर के अंत तक रांची में कंबल बंटने लगेगा।

राय महिमापत रे, डीसी, रांची

Posted By: Inextlive