RANCHI: शहर में दुर्गा पूजा का माहौल है। हर कोई पूजा पाठ करने में जुटा हुआ है पर पूरे शहर में नर्क जैसे हालात हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह कचरे का ढेर है। वहीं कुछ इलाकों में बारिश के बाद कीचड़ ही कीचड़ फैला है। सफाई नहीं होने के कारण स्थिति और भी खराब होती जा रही है। जगह-जगह कचरे का ढेर लगा हुआ। इसके बावजूद नगर निगम की ओर से कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। यह सिटी के आम लोगों के लिए परेशानी बन गई है। अगर यही हाल रहा तो लोग कचरे के ढेर से होते हुए मां का दर्शन करने जाएंगे।

दुर्गध से सांस लेना मुश्किल

सिटी में फिलहाल बारिश बंद है। लेकिन पिछले कई दिनों की बारिश ने कचरे को सड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। दुर्गध की वजह से लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है। वहीं कई तरह की बीमारियां होने का भी खतरा बढ़ गया है, जबकि दुर्गा पूजा को देखते हुए शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने का आदेश दिया गया था। इसके बावजूद सफाई व्यवस्था ठप है।

एचबी रोड

कोकर इंडस्ट्रियल एरिया से बाहर निकलने पर कांटा टोली जाने वाली सड़क के किनारे डंपिंग यार्ड बना हुआ है, जहां हर कोई कचरा डालकर निकल जाता है। लेकिन नगर निगम की गाडि़यां कचरा नहीं उठातीं।

टुनकीटोली तालाब रोड

रिम्स के पास लेक व्यू अपार्टमेंट के पीछे पूरी कॉलोनी है। यहां पर सैकड़ों लोगों ने घर बना लिया है। इसके बावजूद वहां पर नगर निगम की गाडि़यां कचरा उठाने नहीं जातीं। इस वजह से कचरे का अंबार लगता जा रहा है।

जयपाल सिंह स्टेडियम

स्टेडियम के रास्ते से होते हुए अंदर मोहल्ले में जाने वाली सड़क की हालत खराब है। जहां डस्टबिन तो है पर उल्टा पड़ा है। ऐसे में कचरा डालने पर भी वह बिखर रहा है। वहीं रोड पर घूमने वाले आवारा जानवर इसे पूरे रोड पर फैला देते हैं। नतीजन, पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।

काली बाबू स्ट्रीट

कचरा उठाने वाली गाडि़यां नहीं आ रही हैं। घरों में कचरा जमा हो रहा है। ऐसे में लोग कचरा रोड किनारे लगे डस्टबिन में डाल रहे हैं। अब कचरा डस्टबिन से ओवर हो चुका है। नतीजन, रोड की स्थिति भी खराब हो रही है।

Posted By: Inextlive