वार्ड 73 में कई-कई दिन नहीं होती सफाई

बरसात में घरों में भर जाता है नालियों का पानी

Meerut। शहर में वार्ड 73 ऐसा है, जहां कई-कई दिनों तक सफाई नहीं होती क्योंकि यहां पर सफाई के नाम पर कर्मचारी केवल कागजों में ही ड्यूटी करते हैं। इतना ही नहीं जब कई दिन बाद सफाई कर्मचारी सफाई के लिए आते हैं तब भी सिर्फ खानापूर्ति करके वापस चले जाते हैं। इस वार्ड में घरों से निकलने वाला कूड़ा कई दिनों तक गलियों मे पड़ा रहता है और हल्की सी बरसात में बहकर नालियों में चला जाता है। यही कारण इस इलाके में जलभराव की मुख्य वजह बनता है।

डेयरियां और घरेलू फैक्ट्रियां बन रही आफत

वार्ड 73 के भवानी नगर, मंजूर नगर और जैदी फार्म में डेयरियों और घरेलू उद्योगों की संख्या अधिक है। ऐसे में यहां डेयरियों से निकलने वाला गोबर नालियों में बहता है। कारण इसके निस्तारण का कोई साधन मौजूद नहीं है। वहीं घरों में बने कारखानों का कचरा भी नालियों में जाकर जमा हो जाता है। इससे नालियां सालभर जाम रहती हैं।

कमेला नाले में सफाई की दरकार

वार्ड 73 के सबसे नजदीक कमेला नाला जल निकासी का सोर्स है। बरसात के दौरान इस नाले में गंदगी के कारण पानी नाले से ओवर फ्लो होकर आसपास के घरों में जाता है। यदि बरसात के मौसम से पहले निगम द्वारा इस नाले की सफाई हो जाए तो वार्ड 73 से जुडे़ मोहल्लों में जलभराव की समस्या हल हो जाए।

शहर के कुछ वार्डो में अभी सफाई कर्मचारियों की संख्या कम है। इन वार्डो में जरुरत के आधार पर कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। कमेला नाले की सफाई का काम शुरू हो चुका है।

डॉ। कुंवर सेन, नगर स्वास्थ्य अधिकारी

वार्ड 73 में तेज बारिश में जलभराव होता है। यहां गंदगी प्रमुख समस्या है। नया वार्ड बना है, इसलिए यहां सफाई कर्मचारियों की संख्या कम है। हमने निगम से 8 सफाई कर्मचारियों की मांग की है, जो नियमित रूप से वार्ड की सफाई करें।

अब्दुल गफ्फार, सभासद

निगम के सफाई कर्मचारी कई-कई दिनों तक सफाई के लिए नहीं आते हैं। ऐसे में गलियों में कूड़ा पड़ा रहता है फिर नालियों मे बह जाता है।

जफर चौधरी

सफाई कर्मचारी नहीं आते हैं इसलिए खुद मोहल्ले के लोग ही कूड़ा पास के खाली मैदान में डालते हैं। इससे जगह-जगह गंदगी व कूड़ा फैला रहता है।

मो। फैसल

नालियों में डेयरियों का गोबर व घरों से कूड़ा बहता है, जिससे नालियां जाम रहती हैं। बारिश में इसी कारण जलभराव होता है।

नूर मोहम्मद

Posted By: Inextlive