-मानगो एरिया में नहीं है साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था

-लगा है कचरे का ढेर

JAMSHEDPUR : बागबेड़ा क्षेत्र में फैले डायरिया, मलेरिया जैसे बीमारियों के प्रकोप ने हेल्थ डिपार्टमेंट और एडमिनिस्ट्रेशन की नींदें उड़ा दी हैं। मेडिकल टीम भेजी गई, बीमारियों के फैलने का कारण पता लगाने के लिए तरह-तरह के जांच किए गए, लेकिन क्या इस घटना से संबंधित विभागों ने सबक लिया? बागबेड़ा में बीमारियों के फैलने की सबसे मुख्य वजहों में से एक गंदगी होने की बात सामने आई। पर गंदगी की समस्या सिर्फ किसी एक क्षेत्र की नहीं है। सिटी के कई एरियाज में गंदगी एक बड़ी समस्या है। साफ-सफाई की सही व्यवस्था नहीं होने की वजह से अक्सर यहां बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है।

हर तरफ फैला है कचरा

मानगो आजादनगर रोड नं। म् एफ, गली के मुहाने पर ही खाली पड़ी जमीन पर कचरे का ढेर लगा हुआ है। सड़क के दोनों तरफ बहती नालियों के किनारे भी जगह-जगह कचरा जमा है। नाली को साफ कर कचरा उठाने के बजाय ऐसे ही छोड़ दिया गया है। ऐसी ही स्थिति मानगो के ज्यादातर इलाकों में देखने को मिलती है। जगह-जगह कचरे के ढेर दिख जाते हैं। यह गंदगी अक्सर बीमारियों की वजह बनती है।

नहीं होती रेग्यूलर सफाई

फ्राइडे को रोड नं। म् एफ के स्थानीय लोग खुद से नाली की सफाई करते दिखे। यहीं के रहने वाले जाहिद अनवर ने बताया कि मानगो नोटिफाइड एरिया कमिटी (एमएनएसी) द्वारा रेग्यूलर सफाई नहीं की जाती है। इस वजह से नाली में कचरा जमा हो जाने पर लोगों को खुद ही साफ करना पड़ता है। कई बार सफाई की भी जाती है तो कचरा उठाने के बजाय कई दिनों तक वहीं छोड़ दिया जाता है।

फैलती हैं बीमारियां

आजादनगर के मो। फहीम ने बताया कि गंदगी की वजह से मच्छरों की भरमार रहती है। इसकी वजह से बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी अक्सर बीमार पड़ते हैं। एमजीएम मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल के डॉ बलराम झा ने कहा कि गंदगी की वजह से मलेरिया, डायरिया, जांडिस, टायफायड के कई मामले आते हैं। उन्होंने कहा कि जाड़े के दिनों में मच्छरों के बढ़ने की वजह से मलेरिया के मामलों में काफी बढ़ोत्तरी होती है।

इस इलाके में साफ-सफाई की कमी है। एमएनएसी द्वारा रेगुलर सफाई नहीं की जाती है। गंदगी की वजह से बीमारियां भी फैलती हैं।

-जाहिद अनवर, आजादनगर

मानगो में गंदगी एक बड़ी समस्या है। साफ-सफाई की व्यवस्था सही नहीं होने की वजह से जगह-जगह कचरे का ढेर दिखता है। गंदगी की वजह से अक्सर लोग बीमार पड़ते हैं।

-मो फहीम, मानगो

साफ-सफाई की सही व्यवस्था नहीं है। कई बार सफाई की भी जाती है तो कचरे को वहीं छोड़ दिया जाता है।

-मो अरशद, आजादनगर

साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की वजह से लोगों को परेशानी होती है। गंदगी की वजह से बीमारियां भी फैलती हैं।

-मो मूसा, मानगो

गंदगी की वजह से कई तरह की बीमारियां फैलती हैं। हॉस्पिटल में मलेरिया, डायरिया, जांडिस, टायफाइड जैसी बीमारियों के कई मामले आ रहे हैं। इन बीमारियों से बचाव के लिए साफ-सफाई की सही व्यवस्था होना बेहद जरूरी है।

-डॉ बलराम झा, फिजिशियन, एमजीएम हॉस्पिटल

Posted By: Inextlive