- राजेश दीवान को धमकी देने के मामले में पुलिस बदन सिंह बद्दो की तलाश में पुलिस दे रही दबिश

- भूमिगत हो चुके बद्दो का नहीं लग पा रहा सुराग, आठ लोगों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी

Meerut: कुख्यात बदमाश बदन सिंह बद्दो भूमिगत हो गया है। पुलिस गिरफ्तारी करने में नाकाम साबित हो रही है। कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथों बद्दो नहीं लग पा रहा है। हालांकि पुलिस बद्दो की गिरफ्तारी को लेकर ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।

दो करोड़ की रंगदारी का मामला

एक मई को एडीजी मुकुल गोयल ने कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की थी। जिसमें दीवान रबर इंडस्ट्रीज के निदेशक तथा रबरमैन इंटरप्राइजेज के एमडी राजेश दीवान करीब पंद्रह मिनट मुकुल गोयल से मिले थे। बताया कि कुख्यात बदन सिंह बद्दो हमारी जमीन का विवाद बताकर दो करोड़ की रंगदारी मांग रहा है। छह अप्रैल को बद्दो की गाड़ी ने घर से लेकर फैक्ट्री तक पीछा किया। नौ अप्रैल को घर से ही बदन सिंह की कार मेरे पीछे लग गई। दरअसल, वह डराना चाह रहे थे। दस अप्रैल को पत्‍‌नी और बच्चों के साथ जाते समय माल रोड पर बदन सिंह बद्दो और उसके गुर्गो ने कार को रोक लिया। नीचे उतारकर मुंह में पिस्टल डाल दी। दो करोड़ की रंगदारी मांगते हुए जमीन से हाथ खींचने की बात कही थी। इसमें सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह पर भी शह देने का आरोप लगाया था। जिसके बाद एडीजी ने बद्दो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को तुरंत गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए थे।

अपडेट ले रहे हैं आला अधिकारी

कई दिन बीत जाने के बावजूद मेरठ पुलिस बद्दो को गिरफ्तार नहीं कर पा रही है। हालांकि पुलिस देर रात भी कई जगह दबिश दी, लेकिन सफलता हासिल नहीं हो पा रही है। वहीं दूसरी ओर आईजी आलोक शर्मा, डीआईजी रमित शर्मा और लखनऊ के आला अधिकारी भी गिरफ्तारी करने के लिए पुलिस पर प्रेशर बनाए हुए हैं। एसएसपी दिनेश चंद्र दूबे का कहना है कि जल्द ही बद्दो को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

सर्विलांस का सहारा ले रही पुलिस

बदन सिंह बद्दो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सर्विलांस का सहारा ले रही है। बद्दो के मोबाइल पर कॉल करने वालों की सूची पुलिस तैयार कर रही है। उन की लोकेशन भी निकाल रही है। गिरफ्तारी करने में फेल पुलिस सर्विलांस के माध्यम से बद्दो तक पहुंचने की तैयारी है।

गैर जमानती वारंट जारी

राजेश दीवान को धमकी देने और रंगदारी मांगने के प्रकरण में कोर्ट ने भी सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। स्पेशल सीजेएम कोर्ट ने बदन सिंह बद्दो समेत आठ नामजद आरोपियों के गैर जमानती वारंट जारी कर दिए। रंगदारी प्रकरण में नामजद हुए बदन सिंह, विपिन सूरी, सोनू सहगल, निरंकार चौधरी, सतीश लांबा, मंजीत सिंह, लल्लू और अनिल छाबड़ा के गैर जमानती वारंट स्पेशल सीजेएम ने जारी कर दिए हैं। जिन आरोपियों के गैर जमानती वारंट जारी हुए हैं, उन्हें ख्ब् घंटे में गिरफ्तार कर कोर्ट के सामने पेश करने का निर्देश मिला है। चूंकि आरोपियों के खिलाफ परतापुर और लालकुर्ती थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था, इसलिए दोनों थाना प्रभारियों को गिरफ्तारी के लिए निर्देशित किया गया है।

Posted By: Inextlive