एस-9 की कपलिंग टूटने से आगे निकल गई आधी ट्रेन, इलाहाबाद जंक्शन के पास घटना

कोच को अलग कर आगे बढ़ाने पर पैसेंजर्स ने किया हंगामा, लगाया गया दूसरा कोच

ALLAHABAD: गुवाहाटी से आनंद विहार जा रही नार्थईस्ट एक्सप्रेस रविवार को इलाहाबाद जंक्शन से रवाना होने के बाद दो हिस्सों में बंट गई। संयोग अच्छा था कि ट्रेन की स्पीड स्लो थी, नहीं तो बड़ी दुर्घटना घट सकती थी। इससे ट्रेन करीब तीन घंटे लेट हो गई। पैसेंजर्स के हंगामा के बाद एस-9 कोच को बदल कर ट्रेन आनंद विहार के लिए रवाना की गई।

आगे बढ़ गई आधी ट्रेन

12505 गुवाहाटी से आनंद विहार नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस रविवार को निर्धारित समय सुबह 9.30 बजे से करीब छह घंटे लेट चल रही थी। शाम करीब साढ़े छह बजे ट्रेन इलाहाबाद जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर पहुंची। 6.45 पर रवाना हुई। प्लेटफार्म नंबर तीन को छोड़ कर ट्रेन थोड़ी ही आगे बढ़ी थी कि अचानक एस-9 कोच का डिब्बा ट्रेन से अलग हो गया। एस-8 तक के कोच के साथ ट्रेन आगे निकल गई। इससे एस-9 कोच में सवार पैसेंजर्स ने शोर मचाया। जंक्शन पर बैठे अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई।

बैक कर वापस लाई गई ट्रेन

ट्रेन को बैक करके प्लेटफार्म नंबर तीन पर लाया गया। टूटी कपलिंग बदलने का प्रयास किया गया, लेकिन वह बदलने लायक नहीं था। इसकी वजह से रेलवे के अधिकारियों ने एस-9 कोच को अलग कर ट्रेन को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। तब पैसेंजर्स ने हंगामा शुरू कर दिया। मजबूरन रेलवे अधिकारियों को दूसरे कोच की व्यवस्था करनी पड़ी। एस-9 कोच हटाकर दूसरा कोच लगाया गया। प्रक्रिया में करीब तीन घंटे का समय लगा। देर रात 9.30 के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।

गुवाहाटी से आनंद विहार जा रही नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस के एस-9 कोच में पहिये के पास लगा स्प्रिंग टूट गया था। इसकी वजह से कोच को बदल कर ट्रेन रवाना की गई।

सुनील कुमार गुप्ता

पीआरओ, डीआरएम

Posted By: Inextlive