निगम ने निकाला करीब साढ़े पंद्रह लाख रुपये का बकाया

Meerut। होटल हारमनी इन पर लगने वाले नोटिसों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ताजा मामला नगर निगम का है। होटल हारमनी इन पर नगर निगम का हाउस टैक्स और वाटर टैक्स का 15.49 लाख रुपये बकाया है। इसकी नीलामी सूचना पर नगर निगम भी हरकत में आ गया है। हाल ही में बकाया राशि का नोटिस लगाने के बाद निगम अफसरों ने गुरुवार को होटल के मुख्य प्रवेश द्वार पर ही चेतावनी नोटिस चस्पा किया है। इसमें लिखा गया है कि जो भी होटल के भवन को खरीदना चाहता है, वह खरीदने से पहले बकाया हाउस टैक्स की जानकारी नगर निगम से जरूर कर ले।

रिवाइज हुआ टैक्स

होटल हारमनी के भवन पर नगर निगम ने हाल ही में हाउस टैक्स का नये सिरे से निर्धारण किया है। इसके चलते इस भवन का हाउस टैक्स और वाटर टैक्स 2.37 लाख से बढ़ाकर 11.20 लाख रुपये कर दिया गया है। यह निर्धारण भी वर्ष 2017-18 के लिए किया गया है। होटल के भवन पर दो वर्ष का टैक्स बकाया है। ब्याज समेत फिलहाल इस भवन पर कुल 15.49 लाख बकाया है।

सूचना दे दी

कर अधीक्षक नरेश शिवालिया ने बताया कि निगम प्रशासन ने अपना नोटिस चस्पा करके सभी को सूचना दे दी है। अब इसे जो भी खरीदेगा वही निगम का बकाया टैक्स जमा करेगा।

Posted By: Inextlive