- परिवहन निगम छह से 15 तक चार शहरों के बीच करेगा कंडक्टर्स विहीन बसों का संचालन

LUCKNOW: प्रदेश में परिवहन निगम की बसों में कंडक्टर नहीं नजर आएंगे। इसके लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने ना केवल तैयारियां शुरू कर दी है बल्कि इसके लिए प्रयोग भी छह नवम्बर से शुरू हो जाएगा। छह से 15 नवम्बर तक कई बसें बिना कंडक्टर के रवाना की जाएंगी। राजधानी से विभिन्न जिलों के लिए इन बसों का संचालन किया जाएगा।

- 20 बसें की जाएंगी संचालित

परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार अभी इसका प्रयोग किया जा रहा है। इसके चलते चार शहरों के बीच लगभग 20 बसों का संचालन बिना कंडक्टर के किया जाना तय किया गया है। इससे सफर के दौरान पैसेंजर्स को बीच रास्ते में टिकट बनवाने की जरूरत नहीं होगी। इतना ही नहीं कंडक्टर के हट जाने से निगम के खर्चे भी कम होंगे। लखनऊ से कानपुर, बहराइच, गोरखपुर और इलाहाबाद के लिए बिना कंडक्टर की बसों का संचालन किया जाएगा। दस दिन तक प्रयोग के तौर पर चलाए जाने के बाद इन बसों का फीडबैक पर चर्चा होगी। उसके बाद ही यह तय किया जाएगा कि निगम की बसों में कंडक्टर्स को हटाया जाये या नहीं।

टाइम टेबल होगा मेनटेन

उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक के रविंद्र नायक ने बताया कि बिना कंडक्टर के बसों का संचालन कराए जाने से पैसेंजर्स को राहत मिलेगी। टिकट के झंझट से मुक्ति और एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन के बीच चलने पर बार-बार रास्ते में बसों को रोकने की जरूरत नहीं होगी। इससे बसों का संचालन टाइम से हो सकेगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रयोग सफल रहा तो अन्य शहरों के लिए भी बिना कंडक्टर की बसों का संचालन जल्द शुरू किया जाएगा।

Posted By: Inextlive