RANCHI: शहर के लोगों को सिटी बस की सुविधा तो पहले ही मिल चुकी है, लेकिन अब इसका विस्तार रिंग रोड तक किया जाएगा। यानी शहर के बाहर भी अगर आपको कहीं जाना हो तो बस के सहारे बेहद रियायती दर पर जा सकते हैं। स्मार्ट सिटी कॉर्पाेरेशन के अधीन 100 नई बसें चलायी जाएंगी। चुनाव के बाद बसों की खरीदगी होगी, जिसके बाद शहर एवं आसपास के इलाकों में कुल 150 बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।

स्मार्ट सिटी कॉर्पाेरेशन चलाएगा बस

रांची स्मार्ट सिटी कॉर्पाेरेशन अब शहर में सिटी बस का संचालन करेगा। रांची नगर निगम के पास अभी जो बसें हैं, उनको स्मार्ट सिटी कॉर्पाेरेशन को चुनाव के बाद संचालन के लिए हैंडओवर कर दिया जाएगा। फिलहाल नगर निगम के पास करीब 51 बसें हैं, जिन्हें हैंडओवर किया जाएगा। इसके साथ ही स्मार्ट सिटी कॉर्पाेरेशन 100 नई बसों की खरीददारी करेगा।

आसपास के लोगों को मिलेगा फायदा

अभी सिटी बस का संचालन शहरी इलाके के कु छ रूट पर ही किया जा रहा है। अब जब इनर रिंग रोड के अंदर सिटी बसें चलने लगेंगी, तो उस इलाके में रहने वाले लोग जो रिंग रोड के आसपास रहते हैं उनको फायदा मिलेगा। अच्छी खासी आबादी को हर दिन रिंग रोड इलाके में सफर करना पड़ता है।

10 नवंबर तक सौंप देंगे बस

अभी रांची नगर निगम के तहत शहर में करीब 50 से अधिक सिटी बसों का संचालन किया जा रहा है। किशोर मंत्री कंपनी की ओर से बस का संचालन किया जा रहा है। लेकिन किशोर मंत्री की ओर से 10 नवंबर को सभी बसों की चाभी नगर निगम को सौंप दी जाएगी। निगम को बस हैंडओवर करने के बाद रांची स्मार्ट सिटी कॉर्पाेरेशन इसका संचालन करेगा।

अस्थाई तौर पर चलाएगा निगम

किशोर मंत्री कंपनी की ओर से नगर निगम को बस हैंडओवर करने के बाद इसका संचालन निगम की ओर से खुद किया जाएगा। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि अभी अस्थाई तौर पर विधानसभा चुनाव तक जब तक स्मार्ट सिटी कॉर्पाेरेशन को बस हैंडओवर नहीं किया जाता है, नगर निगम खुद बसों का संचालन करेगा। अभी मेन रोड में 20 बसों का संचालन नगर निगम द्वारा किया जा रहा है।

Posted By: Inextlive