बरेली: शहर के घनी आबादी वाले शास्त्री नगर में शाम को डकैतों ने लाखों की डकैती को अंजाम दे डाला, वो भी एसआई के घर पर। ऐसे में बरेलियंस में दहशत का माहौल है। आस-पास के लोगों ने बातचीत के दौरान बताया कि जब पुलिस का घर ही सेफ नहीं है तो हम लोगों के घरों की सेफ्टी की गारंटी क्या है। घटना से एक बात तो साफ है कि डकैतों को पुलिस का जरा सी खौफ नहीं था। इसीलिए वे काम को अंजाम से देकर आसानी से बचकर निकल गए।

आधे घंटे में लाखों कर गए साफ

1. बच्ची पर तानी पिस्टल

हथियारों से लैस बदमाशों ने घर जाकर परिजनों की संख्या ज्यादा देखी तो बड़ा ही शातिर तरीका अपनाया। लूट की वारदात को अंजाम देने में उन्हें ज्यादा मुश्किल न आए इसलिए उन्होंने बच्ची को निशाना बनाया। बच्ची पर पिस्टल तान दी, तो घर के बाकी लोग शांति से बैठ गए। इसके बाद बाकी बदमाशों ने सभी लोग ले जाकर एक कमरे बैठा दिया।

2. बच्ची के लिए लाए थे पानी

बदमाश सिर्फ लूट के उद्देश्य से आए थे। पीडि़ता ने बताया कि उन्होंने बच्ची पर पिस्टल तानी जरूर थी लेकिन उसे मारा पीटा नहीं। बच्ची के डर जाने पर किचन से कप में उसके लिए पानी भी लाए थे। वह केवल लूटपाट करना चाहते थे। बच्ची उनके निशाने पर थी इसलिए हम सभी बहुत डरे हुए थे।

3. पूछा, पति क्या करते हैं

बदमाशों को यह नहीं पता था कि वह किसके घर में घुसे हैं। इसलिए उन्होंने दरोगा की पत्नी से बार-बार पूछा कि तुम्हारा पति क्या करता है। इसके बाद जब अलमारियां खंगाल रहे थे। वर्दी दिखी, कैप नीचे आकर गिरे, तब जाकर बदमाशों को पता चला कि यह किसी पुलिस वाले का घर है।

4. कम उम्र के थे बदमाश

पीडि़ता ने बताया कि उसने तीन बदमाशों का चेहरा ठीक से देखा था। वह पहचान भी लेंगी। एक ने उनकी बेटी पर पिस्टल तान रखी थी। दाढ़ी वाला लड़का भी कम उम्र का था और उसके साथ वाला तो उससे भी कम एज का था।

Posted By: Inextlive