- महिला सशक्तीकरण को देखते हुए रोडवेज में हुई महिला कंडक्टर्स की भर्ती

- गोरखपुर रीजन कों मिलीं 23 कंडक्टर, जल्द बसों में होगी तैनाती

GORAKHPUR: टिकट, टिकट, टिकट। बसों में गूंजने वाली कंडक्टर की ये लाइन, जल्द ही रोडवेज बसों में महिला कंडक्टर की आवाज में सुनाई देगी। महिला सशक्तीकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए यूपी रोडवेज ने एक शानदार पहल की है। इसके तहत बड़ी संख्या में महिला कंडक्टर्स की भर्ती की गई है। जल्द ही इन कंडक्टर्स को बसों में तैनात किया जाएगा। इससे जहां लंबे समय से रोडवेज में चल रही कंडक्टर्स की कमी दूर होगी। वहीं दूसरी तरफ महिला पैसेंजर्स बस के सफर में खुद को ज्यादा सुरक्षित कर सकेंगी।

कमी होगी पूरी

रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक रोडवेज में काफी दिनों से कंडक्टर्स की भारी कमी चल रही है। संविदा कंडक्टर्स के भरोसे किसी तरह काम चलाया जा रहा है। अब महिला कंडक्टर्स की तैनाती से इस समस्या से निजात मिल जाएगी। ट्रेनिंग पूरी होते ही भर्ती हुई महिला कंडक्टर्स को विभिन्न जिलों में भेज दिया गया है। इस भर्ती से गोरखपुर रीजन में भी कंडक्टर्स की कमी खत्म हो जाएगी। मुख्यालय की ओर से की गई नई भर्तियों में से 105 पुरुष व 23 महिला कंडक्टर रीजन को मिले हैं। जल्द ही इन सभी को ड्यूटी पर तैनात कर दिया जाएगा।

महिला पैसेंजर्स को सहुलियत

वहीं, अधिकारियों का मानना है कि महिला कंडक्टर होने से सबसे अधिक सहुलियत महिला पैसेंजर्स को होगी। कई बार सफर के दौरान पुरुष कंडक्टर से महिलाएं सफर के दौरान अपनी परेशानियां शेयर नहीं कर पातीं। कई बार छेड़छाड़ आदि घटनाओं के बारे में बताने से महिला पैसेंजर्स झिझकती हैं। लेकिन अब बसों में महिला की कंडक्टर भी महिला ही होंगी, ऐसे में महिला पैसेंजर्स अपनी किसी भी समस्या के लिए अब तत्काल कंडक्टर्स से संपर्क कर सकेंगी।

नहीं चलेगी मनमानी

इससे अब कंडक्टर्स से सेटिंग कर होने वाली पैसेंजर्स की मनमानी पर भी अंकुश लगेगा। बता दें, कई बार पुरुष कंडक्टर अपने परिचितों को बिना टिकट काटे ही सफर कराते पकड़े जाते हैं। कई बार ऐसे मामले भी सामने आ चुके हैं, जिसमें कंडक्टर ने पैसेंजर्स से तो पैसा वसूल लिया, लेकिन उनका टिकट नहीं काटा। अधिकारियों का मानना है कि महिला कंडक्टर होने से इस तरह के मामलों पर अंकुश लग सकेगा।

वर्जन

मुख्यालय की ओर से काफी अधिक संख्या में महिला कंडक्टर्स की भर्ती की गई है। इनमें से 23 कंडक्टर्स रीजन को मिले हैं। जल्द ही इन सभी को बसों में तैनात कर दिया जाएगा।

- एसके राय, आरएम रोडवेज

Posted By: Inextlive