- नए की तरह अब पुराने वाहनों पर भी लगाए जाएंगे हाई सिक्योरिटी नंबर

- जिस कंपनी ने बेची है गाड़ी उसी के जिम्मे होगा नंबर लगाने का काम

GORAKHPUR: हाल के दिनों में ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट ने तमाम नए नियम बनाए हैं, जिनमें गाडि़यों के लिए हाई सिक्योरिटी नंबर भी है। इस नियम के बनाए जाने के बाद अप्रैल माह से ही नई गाडि़यों में हाई सिक्योरिटी नंबर लगाए जा रहे हैं। इसी आधार पर अब पुरानी गाडि़यों पर भी हाई सिक्योरिटी नंबर लगाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए परिवहन निगम ने मुख्यालय पर सभी डीलरों के साथ एक मीटिंग कर इसकी रूपरेखा भी तैयार कर ली है। आरटीओ की मानें तो दिसंबर माह से इसे लखनऊ में शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद नए साल में गोरखपुर में भी ये व्यवस्था शुरू हो जाएगी।

गोरखपुर में हैं 9 लाख वाहन

इस समय गोरखपुर में हल्के-भारी वाहनों को मिलाकर कुल संख्या 986972 लाख है। सबसे पहले दो पहिया और चार पहिया वाहनों की पुरानी नंबर प्लेट हटाकर हाई सिक्योरिटी नंबर लगाए जाएंगे। यह नंबर प्लेट उसी एजेंसी को लगानी होगी, जिसने गाड़ी बेची होगी। इससे वाहनों के चोरी होने पर उसके नंबर बदले जाने का बहुत कम चांस रह जाएगा।

लग सकते हैं तीन नंबर प्लेट

अभी तक आप यही जानते होंगे कि गाडि़यों में दो नंबर प्लेट एक आगे और एक पीछे लगाया जाता है। सूत्रों की मानें तो परिवहन विभाग अब फोर व्हीलर में तीन नंबर प्लेट लगाने की तैयारी कर रहा है। तीसरी नंबर प्लेट विंड स्क्रीन पर लगाई जाएगी।

नंबर प्लेट लगाने के लिए फीस

अप्रैल माह में खरीदे गए वाहनों पर कंपनी ही नंबर प्लेट लगा कर दे रही है। वहीं पुरानी गाडि़यों पर भी सुरक्षा प्लेट लगाने के लिए फीस निर्धारित की गई है। सूत्रों की मानें तो टू व्हीलर के लिए 240 रुपए फीस तय गई है। इसके साथ ही फोर व्हीलर के लिए 275 से लगाए 400 रुपए तक फीस तय की गई है जिसकी सहमति भी अधिकारियों ने दे दी है।

नंबर प्लेट से छेड़छाड़ होगी मुश्किल

हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट में स्नैप लॉक सिस्टम होगा। यह एक तरह का पिन होगा जो हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट को वाहन से जोड़ेगा। यह किसी स्क्रू या नट बोल्ट की तरह नहीं खोली जा सकेगी। यह नंबर प्लेट एक बार लगने के बाद पूरी तरह लॉक हो जाएगी जिसे किसी भी औजार से खोला नहीं जा सकता।

वर्जन

पुराने वाहनों पर भी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लट लगानी होगी। इसकी शुरूआत लखनऊ से होगी। इसके बाद अन्य जगह पर भी नंबर प्लेट लगाना शुरू किया जाएगा।

- श्याम लाल, आरटीओ प्रशासन

Posted By: Inextlive