- सिटी के सभी 10 ब्लॉक कवर करेंगी लोहिया ग्रामीण बसें

- ग्रामीण इलाकों के डेली पैसेंजर्स को मिलेगा आराम

kanpur@inext.co.in

KANPUR। अब जिले के हर ब्लॉक से लोहिया बस सिटी के आउटर इलाकों के लिए चलेंगी। पैसेंजर्स की सुविधा के लिए लोहिया ग्रामीण बसों के रूट बढ़ाए गए हैं। यानी कि अब जिले के ग्रामीण इलाके सिटी से जुड़ जाएंगे। ये लोहिया ग्रामीण बसें उसी तर्ज पर चलेंगी, जैसे अब तक चल रही थीं। सुबह अपने निर्धारित स्थान से निकलकर सिटी के इलाकों में आएंगी। फिर शाम को वापस चली जाएंगी।

ग्रामीण इलाकों को जोड़ने के लिए

लोहिया ग्रामीण बसें सिटी से ग्रामीण इलाकों को जोड़ने के लिए शुरू की गई थीं। लोहिया ग्रामीण बसों में सबसे खास बात ये है कि इसमें दूध के पीपे, सब्जी रखने के अलग से बॉक्स बने होते हैं, क्योंकि ग्रामीण इलाकों को ध्यान में रखते हुए ही ये बसें चलाई गईं थीं। इनमें सामान रखने के लिए अलग से बॉक्स बनाए गए थे। ये बसें ग्रामीण इलाकों को जोड़ती हैं। अभी सिटी में महाराजपुर व बिल्हौर से ये बसें चलकर सिटी आती हैं। सुबह 7 बजे चलकर 9 बजे तक सिटी आती हैं और शाम को 6 बजे चलकर वापस चली जाती हैं।

10 ब्लॉकों को करेंगी कवर

सिटी में 10 ब्लॉक हैं। जिनसे सुबह 7 बजे ये बसें चलकर सिटी आएंगी और शाम को 5 बजे वापस इन्हीं ब्लाकों में लौट जाएंगी। ये ब्लाक हैं, भीतरगांव, विधनू, बिल्हौर, चौबेपुर, घाटमपुर, ककवन, कल्याणपुर, पतारा, सरसौल, शिवराजपुर। इन ब्लाकों से बसें चलेंगी।

ग्रामीणों के फायदे के लिए

सभी ब्लाकों से लोहिया ग्रामीण बसों के कवर करने से सबसे बड़ा फायदा ये होगा कि पूरा ग्रामीण इलाका सिटी से जुड़ जाएगा। सभी ग्रामीण इलाकों के लोग आसानी से सिटी से जुड़ सकेंगे। सबसे बड़ा फायदा सब्जी वाले, दूध वाले व अन्य छोटे-छोटे कामों को लेकर रोज सिटी आने वाले लोगों को होगा। सिटी में बड़ी संख्या में रिक्शे वाले व अन्य छोटी सामग्रियां लेकर ग्रामीण इलाकों के लोग रोज आते हैं। उन्हें रोज आने-जाने में सुविधा हो जाएगी। करीब 10 हजार की संख्या में रोज ही ग्रामीण कानपुर आते हैं।

'लोहिया ग्रामीण बसों को हर ब्लॉक स्तर से कवर किया जाएगा। इससे डेली आने-जाने वाले पैसेंजर्स को काफी सुविधा होगी.'

- नीरज सक्सेना, आरएम

Posted By: Inextlive