- सेंट्रल गवर्नमेंट ने जारी किया नोटिफिकेशन

- प्रयागघाट और सिटी स्टेशन का न्यू स्टेशन कोड भी हुआ जारी

PRAYAGRAJ:

इलाहाबाद जंक्शन के बाद अब नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के सबसे बड़े मंडल में एक इलाहाबाद मंडल का नाम भी बदल गया है। इलाहाबाद मंडल अब प्रयागराज मंडल हो गया है। जिसका नोटिफिकेशन यानी भारत का राजपत्र शनिवार को सेंट्रल गवर्नमेंट की ओर से जारी किया गया। जिसमें स्पष्ट तौर पर लिखा है कि इलाहाबाद मंडल का नाम अब प्रयागराज मंडल होगा। यही नहीं इलाहाबाद नाम वाले रेलवे के अन्य कार्यालयों के नाम भी अब इलाहाबाद नहीं बल्कि प्रयागराज के नाम पर ही होंगे।

स्टेशन कोड भी कर दिया गया जारी

इलाहाबाद जंक्शन का नाम प्रयागराज जंक्शन होने के बाद इंडियन रेल कांफ्रेंस सम्मेलन द्वारा शुक्रवार को जहां इलाहाबाद जंक्शन का नया स्टेशन कोड जारी किया गया था। वहीं अब प्रयागघाट और सिटी स्टेशन का न्यू स्टेशन कोड शनिवार को जारी किया गया। इलाहाबाद जंक्शन अब प्रयागराज जंक्शन के नाम से जाना जाएगा। जिसका नया स्टेशन कोड होगा, पीआरवाई जे। इलाहाबाद छिवकी अब प्रयागराज छिवकी के नाम से जाना जाएगा। जिसका स्टेशन कोड होगा पीसीओआई। वहीं प्रयागघाट स्टेशन अब प्रयागराज संगम जाना जाएगा जिसका स्टेशन कोड होगा पीवाईजीएस। वहीं अब इलाहाबाद सिटी स्टेशन प्रयागराज रामबाग स्टेशन के नाम से जाना जाएगा। जिसका स्टेशन कोड होगा पीआरआरबी।

ट्रेन सर्चिग में अभी भी इलाहाबाद

इलाहाबाद जंक्शन का नाम चेंज होने के बाद शनिवार को आईआरसीटीसी के ऐप से लेकर सभी प्लेटफार्म पर अभी ट्रेन सर्चिग में इलाहाबाद जंक्शन ही चल रहा है। जिसको लेकर रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि नोटिफिकेशन जारी होने के बाद स्टेशन के नाम को मैनुअल आधार पर चेंज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही पूरी प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। धीरे-धीरे सभी ऐप और सॉफ्टवेयर पर अब नए नाम को डालने पर ही ट्रेन सर्चिग दिखाएगा।

Posted By: Inextlive