- मस्टर रोल में धांधली के बाद शासन सतर्क, होगी फुलप्रूफ तैयारी

- बायोमेट्रिक अटेंडेंस को लेकर भी चल रहा विचार

LUCKNOW

होमगार्डो जवानों की थानों में फर्जी ड्यूटी दिखाकर किए गए करोड़ों के घपले के बाद अब शासन ने नए सिरे से फूलप्रूफ सिस्टम बनाने की कवायद शुरू कर दी है। सॉफ्टवेयर के जरिये होमगार्डो की ड्यूटी ऑनलाइन लगाए जाने की व्यवस्था होने के बावजूद थाना स्तर पर उपस्थिति दर्ज करने में हुए खेल ने कई बड़े सवाल खड़े किए हैं। ऐसे में शासन स्तर पर अब होमगार्ड ड्यूटी का मस्टर रोल ऑनलाइन उपलब्ध कराने की तैयारी चल रही है, जिससे ड्यूटी का सत्यापन भी ऑनलाइन हो सके। होमगार्डो की बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने की योजना भी जल्द लागू करने की तैयारी है।

लापरवाही का उठाया फायदा

नोएडा व लखनऊ में होमगार्डो की ड्यूटी के नाम पर हुए घपले की अब तक की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य भी सामने आए हैं। बताया गया कि थानों की जीडी में होमगार्डो की उपस्थिति की इंट्री मुंशी की मर्जी पर निर्भर थी। कई बार इंट्री आधी-अधूरी होती थी और कई बार जीडी में होमगार्डो की आमद दर्ज तक नहीं होती थी। होमगार्ड के अधिकारियों ने भी इन्हीं लापरवाहियों का जालसाज अधिकारियों ने जमकर फायदा उठाया। मस्टर रोल को प्रमाणित किए जाने के बाद थाने पर उसकी कोई प्रति भी नहीं रखी जाती थी। प्रमुख सचिव होमगार्ड अनिल कुमार का कहना है कि एनआइसी के जरिये सॉफ्टवेयर में नई तरह की व्यवस्था कराई जा रही है। थानेदारों व होमगार्डो के ड्यूटी स्थल के प्रभारियों को लॉगइन आईडी व पासवर्ड उपलब्ध कराए जाएंगे, जिसके जरिये वे ऑनलाइन ड्यूटी का सत्यापन करेंगे।

मस्टर रोल की फोटोकॉपी मिलने से खुली पोल

नोएडा में होमगार्डो की ड्यूटी का नए सिर से सत्यापन किया गया। सूत्रों का कहना है कि संबंधित संस्थान में होमगार्डो के मस्टर रोल की फोटोकॉपी सुरक्षित थीं जिनका मिलान कराने पर होमगार्ड अधिकारियों द्वारा प्रमाणित किए गए मस्टर रोल में धांधली पकड़ी गई है। इससे स्पष्ट हो गया है कि भुगतान के लिए भेजा गया मस्टर रोल फर्जी था। आरोपित अधिकारियों व कर्मियों के खिलाफ यह बेहद अहम साक्ष्य होगा।

फर्जी खातों के जरिए हड़पा मानदेय

होमगार्डो के ड्यूटी घपले में इस बात की भी आशंका है कि होमगार्डो के मानदेय को फर्जी खातों में ट्रांसफर किया गया, जिससे संबंधित होमगार्ड को इसकी भनक तक नहीं लगी। फर्जी खातों में भेजी गई रकम को आसानी से हथिया लिया गया। शासन स्तर से सभी होमगार्डो के बैंक खाता नंबरों के सत्यापन का भी निर्देश दिया गया है।

Posted By: Inextlive