- अब तेलंगाना की तर्ज पर वाहन मालिकों को जारी किया जाएगा आरसी पेपर

- गोरखपुर मे आया नया आरसी पेपर, स्पेशल सिक्योरिटी फीचर्स से लैस

GORAKHPUR: आए दिन आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) में खेल होने के मामले गोरखपुर आरटीओ में आम हैं। कई बार तो घर बैठे वाहन मालिक का आरसी पेपर दूसरे के नाम ही हो जाता है। लेकिन अब आरसी पेपर के साथ फ्रॉड करना आसान नहीं होगा। इसके साथ ही ना तो चोरी की गाडि़यों की फर्जी आरसी तैयार हो सकेगी और ना ही आरसी को लेकर कोई गोलमाल होगा। क्योंकि अब तेलंगाना की तर्ज पर गोरखपुर में भी स्पेशल आरसी वाहन मालिकों को जारी की जा रही है। इस आरसी के लिए विशेष तरह का कागज जारी किया गया है। जिसमें सुरक्षा को लेकर कई प्रयोग किए गए हैं। ऐसे में ओरिजनल आरसी के साथ ही डुप्लीकेट आरसी में पहचान भी आसान हो जाएगी। परिवहन विभाग अधिकारियों के अनुसार अभी दी जाने वाली आरसी की नकल आसानी से हो जाती थी लेकिन नए स्पेशल आरसी में ऐसा नहीं हो सकेगा। गोरखपुर में नया आरसी पेपर आ चुका है। अब डुप्लीकेट या फिर नई गाडि़यां लेने पर यही कागज वाहन मालिक को दिया जा रहा है।

सिक्योरिटी फीचर्स से है लैस

हाल ही में सभी जिलों के आरटीओ को नई आरसी के कागज उपलब्ध कराए गए हैं। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पहले के आरसी पेपर की आसानी से कलर फोटोकॉपी हो जाती थी जो दिखने में ओरिजनल लगती थी। इसका कई बार गलत यूज भी किया गया। इस बार आरसी पेपर की आपूर्ति तेलंगाना राज्य की एक कंपनी ने किया है, वह कई सिक्योरिटी फीचर्स से लैस है।

अब सफेद आरसी

अब वाहनों की आरसी नीली रंग की नहीं सफेद रंग की होगी। इस पेपर की क्वालिटी भी पहले से बेहतर है। इस आरसी पेपर की फोटो खींचने पर या फोटोकॉपी कराने पर उसमें पांच जगह फोटोकॉपी लिख कर आएगा। फोटोकॉपी में यूपी सरकार का लोगो भी नहीं दिखेगा।

फर्जी आरसी पर नकेल

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अभी लोग चोरी के वाहनों की फर्जी आरसी तैयार कर लेते थे। यह काम कलर फोटोकॉपी से होता था। कोर्ट में जमानत के लिए भी कई बार इसका यूज किया गया। यह सब अब नहीं होगा। अब यदि कोई व्यक्ति पुराना वाहन बेचता है या उसकी आरसी खो जाती है तो उसे आरसी भी नए प्रपत्र पर ही जारी की जाएगी।

वर्जन

नया आरसी पेपर आरटीओ में आ चुका है। अब यही कागज सबको दिया जा रहा है। इसमें कई नई सेफ्टी फीचर्स अटैच किए गए हैं। सबसे बड़ी बात ये है कि जिराक्स कराने पर कई जगह फोटोकॉपी लिखा दिखेगा।

- श्याम लाल, आरटीओ प्रशासन

Posted By: Inextlive