-डूडा करेगा पंजीकरण और देगा आई कार्ड

- 18,500 फेरी वालों को मिलेगी पहचान

- सर्वे कर डूडा ने तैयार की रिपोर्ट, कमेटी करेगी निर्णय

आई एक्सक्लूसिव

मितेंद्र गुप्ता

मेरठ। शहर की सड़कों और गली-गली फेरी लगाने को वालों को अब जल्द पहचान मिलेगी। दरअसल शासन ने फेरी वालों के लिए फेरी नीति की शुरूआत की है। जिसके अंतर्गत पंजीकरण कराया जाएगा। साथ ही फेरीवालों को आईकार्ड भी इश्यू किया जाएगा।

शहर में है 18500 फेरी वाले

शासन के आदेश पर डूडा ने शहर में फेरी लगाने वालों का सर्वे किया था। डूडा को सर्वे में करीब दो माह का समय लग गया। सर्वे के मुताबिक शहर में 18,500 ऐसे लोग है जोकि फेरी लगाते हैं।

अगले माह से पंजीकरण

फेरी लगाने वालों का डूडा पहले पंजीकरण करेगा। पंजीकरण के दौरान फेरी लगाने वालों को अपना पूरा बॉयोडाटा देना होगा। इसके बाद ही उसका पंजीकरण होगा। बॉयोडाटा में फेरी वाले को बताया होगा कि वह क्या काम करेगा। उसका निवास कहां है। फोन नंबर क्या है। पंजीकरण करने के बाद फेरी वाले को एक आईकार्ड इश्यू किया जाएगा। अधिकारियों की माने तो पंजीकरण करने का काम अगले माह से शुरू कर दिया जाएगा।

पंजीकरण के लिए बनाई कमेटी

फेरी वालों का पंजीकरण करने के लिए डूडा ने एक कमेटी गठित की है। कमेटी में डूडा के अधिकारी के अलावा नगर निगम, एमडीए, आवास विकास और प्रशासन का एक अधिकारी रहेगा। वह ही निर्णय करेगा कि फेरी वालों का पंजीकरण कब से करना है।

वर्जन

फेरी वालों की पहचान तो होनी चाहिए। मोहल्ले में बहुत लोग आते हैं। आवाज लगाते रहते है। कभी-कभी तो डर सा लगता है। सरकार ने यह बहुत बढि़या कदम उठाया है।

नेहा कालरा

फेरी वाले ही नहीं बल्कि ठेले लगाने वालों की भी पहचान होनी चाहिए। क्योंकि फेरी वाले ही कभी-कभी डकैती और लूटपाट का कारण बनते हैं। सरकार को चाहिए कि इनकी जगह भी चिंहित कर देनी चाहिए।

आकांक्षा

फेरी वालों का पहचान व पंजीकरण तो होना जरूरी है। इनकी भी पहचान होनी चाहिए। यह भी काम करते हैं। दिनभर मेहनत करके अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं।

विनेश तोमर

फेरी वाले से बहुत फायदा है। घर बैठे ही बहुत सी चीजें मिल जाती है। सामान खरीदने के लिए बाजार नहीं जाना पड़ता है। यदि अब पहचान हो जाएगी तो खराब सामान निकलने पर उसको पकड़ तो सकेंगे।

अनुज जैन

फेरी वालों का सर्वे किया गया है। शहर में 18,500 फेरी वाले हैं। जिनका पंजीकरण और कार्ड इश्यू करने काम जल्द ही किया जाएगा। कमेटी गठित हो गई है। योजना बनाकर काम शुरू किया जाएगा।

आरपी सिंह, पीओ डूडा

Posted By: Inextlive