-जनकपुरी में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम-जानकी के दर्शन को उमड़ी भीड़

-जनक महल पर विराजमान हो दिए दर्शन, शाम से ही पहुंचने लगे थे शहरवासी

आगरा। जनकपुरी का वैभव कहते नहीं बन रहा। राजा जनक की मिथिलानगरी भी त्रेता युग में प्रभु श्रीराम और जगत जननी जानकी के विवाह पर कुछ ऐसी ही दमकी होगी। जनक महल पर विराजे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम और जानकी के दर्शनों को सैलाब उमड़ रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक उनके दर्शन कर स्वयं को धन्य समझ रहे हैं। मंच के जो लोग पास हैं वो चरणों में शीश नवा रहे हैं और जो दूर हैं वो वहीं से प्रणाम कर आशीष पा रहे हैं।

उत्तर भारत में प्रसिद्ध आगरा के रामलीला महोत्सव में गुरुवार को प्रभु श्रीराम की बरात पहुंची। दिन में विश्राम के बाद जनवासे (होटल भावना पैलेस) से रात 8:30 बजे शोभायात्रा शुरू हुई। इसमें श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न श्वेत घोड़ों पर सवार थे। राजा दशरथ और राजा जनक के स्वरूप बग्घी पर सवार थे। सीताजी सखियों सहित डोले पर विराजमान थीं। स्वरूपों के दर्शन कर लोग स्वयं को धन्य समझ रहे थे। रात 9:45 बजे प्रभु श्रीराम के जनक महल पर पहुंचते ही जयघोष हो उठा। उसके बाद एक-एक कर अन्य स्वरूप मंच पर पहुंचे। प्रभु श्रीराम और जानकी के मंच पर विराजमान होने के बाद उनकी एक झलक पाने को श्रद्धालु आतुर दिखे। सांसद प्रो। एसपी सिंह बघेल, मेयर नवीन जैन, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने सिया-राम की आरती उतारी। हे राजा राम तेरी आरती उतारूं गूंजते ही श्रद्धालु खड़े हो गए और आरती गाते हुए तालियां बजाने लगे। मंच पर स्वरूपों के एक ओर राजा दशरथ मुकेश गुप्ता और रानी कौशल्या उषा गुप्ता बैठे थे तो दूसरी ओर राजा जनक कैलाश गुप्ता और रानी सुनयना मीरा गुप्ता थे।

यह रहे मौजूद

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद बागला, महामंत्री श्रीभगवान अग्रवाल, ताराचंद्र अग्रवाल, जनकपुरी महोत्सव समिति के मुख्य संरक्षक आलोक असीजा, महामंत्री राजकुमार गुप्ता, विवेक तोमर, मुकेश यादव, रवि अग्रवाल, अतुल गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive