- नये परसीमन के हिसाब से किया जाएगा रिजर्वेशन

- 12 सितंबर से पहले पूरी करनी है प्रक्रिया

LUCKNOW: आगामी पंचायत चुनाव पुरानी पॉलिसी पर होंगे, लेकिन रिजर्वेशन नये सिरे से होगा। यानी पुराने चक्रानुक्रम में ही रिजर्वेशन तय किये जाएंगे। यह रिजर्वेशन नये सिरे से होंगे। यह जानकारी देते हुए पंचायती राज विभाग के डायरेक्टर उदयवीर सिंह यादव ने बताया कि आबादी के अनुपात में एससी और एसटी जातियों के लिए आरक्षण तय किया जाएगा, जबकि 27 परसेंट बैकवर्ड कास्ट के लिए रिजर्व किया गया है। बैकवर्ड कास्ट को रिजर्वेशन आबादी के अनुपात में नहीं दिया जा रहा है।

नये परसीमन पर निकाला जाएगा रेशियो

डायरेक्टर उदयवीर सिंह ने बताया कि आरक्षण के लिए नये परसीमन पर रिजर्वेशन किया जाएगा। इसके तहत 59,163 ग्राम सभाओं में से 27 परसेंट रिजर्वेशन बैकवर्ड के लिए, 20.69 परसेंट सीट शिड्यूल कास्ट के लिए और 0.57 परसेंट सीटें शिड्यूल ट्राइब के लिए रिजर्व की गयी हैं। यानी ग्राम प्रधान के चुनाव के लिए शिड्यूल ट्राइब के लिए 335 सीट, शिड्यूल कास्ट के लिए 12, 246 सीट और बैकवर्ड के लिए 15,974 सीटें रिजर्व की गयी हैं। बाकी 30,608 सीट सामान्य के लिए होगी।

महिलाओं के लिए वन थर्ड सीट

उदयवीर ने बताया कि रिजर्वेशन में वन थर्ड सीट महिलाओं के लिए रिजर्व किया गया है। यह सीटें महिलाओं को सामान्य सीटों में भी मिलेंगी। संभावित आंकड़ों की बात करें तो शिड्यूल ट्राइब में महिलाओं के लिए 112 सीट, शिड्यूल कास्ट के लिए 4082 सीट, बैक वर्ड में 5325 सीट और जनरल में 10,203 सीट महिलाओं के लिए रिजर्व की गयी हैं।

इस तरह होगा रोटेशन

डायरेक्टर पंचायती राज ने बताया कि रोटेशन की प्रक्रिया पुरानी होगी। यानी पहले अवरोही क्रम में आबादी के अनुसार सीटों को चुना जाएगा। सबसे पहले शिड्यूल ट्राइब के लिए निर्धारित सीटों को निकाला जाएगा। अगर संबंधित सीट पहले लगातार चार बार उसी कास्ट के लिए रिजर्व रही है तो उसे छोड़ दिया जाएगा। इसमें पहले 33.3 परसेंट महिलाओं की सीट पहले चयनित की जाएगी। इसी तरह शिड्यूल कास्ट और बैकवर्ड सीट के लिए रिजर्वेशन किया जाएगा। बाकी बची जनरल सीटों पर भी महिलाओं की वन थर्ड सीट पहले अलग की जाएगी, बाकी बची सीटें पुरुषों के खाते में जाएंगी।

12 सितंबर के बाद शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया

उदयवीर की मानें तो उन्हें जिलावार रिजर्वेशन की रिपोर्ट 12 सितंबर से पहले मंगा कर उसे स्टेट इलेक्शन कमीशन को सौंपनी है जिसके बाद चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। सोर्सेस की मानें तो चुनाव की प्रक्रिया सितंबर में ही शुरू हो जाएंगी और नवंबर तक चुनाव प्रक्रिया को खत्म कर लिया जाएगा। प्रदेश में चार चरणों में चुनाव प्रस्तावित है। नामांकन से लेकर चुनाव की तिथि तक कम से कम 35 दिन का समय लगता है। ऐसे में यह प्रक्रिया नवंबर तक खिंचने के आसार नजर आ रहे हैं।

Posted By: Inextlive