मंगलवार को एमएनएनआईटी और रामबाग आरओबी हो गए चालू

नगर विकास मंत्री ने फ्लाईओवर और आरओबी का निरीक्षण किया

फूलपुर फ्लाई ओवर भी बुधवार से हो जाएगा पब्लिक को समर्पित

pryagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: शहर उत्तरी और शहर दक्षिणी में रहने वाले हजारों लोगों के लिए मंगलवार मंगलकारी रहा। इन दोनों इलाकों को मेन सिटी से जोड़ने वाले रेल ओवर ब्रिज चालू कर दिए गए। मंगलवार को नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने फ्लीट के साथ दोनों का निरीक्षण करने के बाद चालू करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही मंत्री ने फूलपुर फ्लाई ओवर को भी निरीक्षण के बाद बुधवार को खोलने का निर्देश दिया है।

पब्लिक ने दिया पूरा साथ

शहर उत्तरी, शहर दक्षिणी और शहर पश्चिमी के हजारों वाशिंदों ने कुंभ मेला के लिए कराए जाने वालों कार्यो के कारण साल भर तक जबर्दस्त समस्याएं झेली। मुख्य रास्तों को बंद करने के साथ ही निर्माण कार्य की वजह से गढ्डों का सामना किया। जबर्दस्त जाम में फंसकर दस मिनट के सफर को एक से डेढ़ घंटे में पूरा किया। इसके बाद भी पब्लिक ने शहर के विकास को देखते हुए एडमिनिस्ट्रेशन और सरकार का पूरा साथ दिया।

आराम से आएंगे सिविल लाइंस

एमएनएनआईटी आरओबी चालू होने से शहर उत्तरी में रह रहे हजारों लोगों को अब रेलवे क्रासिंग पर जाम में नहीं फंसना होगा। घंटों का सफर कुछ मिनटों में आसानी से तय हो जाएगा। वहीं मुट्ठीगंज, कीडगंज, रामबाग, बाई का बाग के साथ ही नैनी व अन्य इलाकों से आने वाले लोगों को सिविल लाइंस साइड आने के लिए जानसेनगंज की तरफ नहीं जाना पड़ेगा।

पब्लिक को किया समर्पित

मंगलवार को शहर में विकास कार्यो का निरीक्षण करने पहुंचे नगर विकास मंत्री ने मेयर अभिलाषा गुप्ता के साथ एमएनएनआईटी आरओबी और रामबाग आरओबी का निरीक्षण किया। इसके बाद इन्हें पब्लिक के लिए खोल दिया गया। नगर विकास मंत्री ने कहा कि आरओबी निर्माण के दौरान लोगों को समस्या जरूर हुई, लेकिन अब सारी समस्या दूर हो जाएगी।

एमएनएनआईटी आरओबी

750 मीटर लंबे मोती लाल नेहरू प्रोद्यौगिकी संस्थान रेलवे क्रासिंग का निर्माण हुआ पूरा, 29 करोड़ रुपये हुए खर्च

रामबाग आरओबी

1002 मीटर लंबे रामबाग आरओबी का निर्माण हुआ पूरा, 49 करोड़ रुपये आरओबी निर्माण पर हुआ खर्च

हाईकोर्ट फ्लाईओवर

1.35 किलोमीटर लंबे हाईकोर्ट फ्लाईओवर का हुआ निर्माण, खर्च हुए 92 करोड़ रुपये

पानी टंकी आरओबी

600 मीटर लंबे पानी टंकी से लीडर रोड आरओबी का हुआ निर्माण, निर्माण में खर्च हुए 24 करोड़ रुपये

Posted By: Inextlive