-फरार छह अभियुक्तों की संपत्ति कुर्क करने के प्रयास में जुटी पुलिस

-नशीला पदार्थ की सप्लाई में भी जेल जा चुका है पकड़ा गया राहुल गुप्ता

ALLAHABAD: औद्योगिक थाना क्षेत्र स्थित युनाइटेड इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र शिवम शुक्ला हत्याकांड के एक एक आरोपित राहुल गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्त की पुलिस को काफी दिनों से तलाश थी। मामले में फरार चल रहे तीन छात्र समेत छह अन्य अभियुक्तों की तलाश की जा रही है। पुलिस इनकी संपत्ति के खिलाफ भी कार्रवाई करने में जुट गई है।

कानपुर जिले का है निवासी

पुलिस के मुताबिक आइटीआइ मोड़ के पास पकड़ा गया राहुल गुप्ता पुत्र राजेश गुप्ता मूल रूप से कानपुर जिले के अनवरगंज थाना क्षेत्र स्थित झाड़ू वाली गली लक्ष्मी पुरवा का निवासी है। यहां वह चक रघुनाथपुर नैनी के मुख्य आरोपी अंशु सिंह के साथ रहता था। इसके पूर्व राहुल बेहद खतरनाक नशे की सप्लाई में भी जेल जा चुका है।

इतना ही नहीं वह अंशु का दाहिना हाथ माना जाता है। इंस्पेक्टर औद्योगिक क्षेत्र स्वास्तिक द्विवेदी ने टीम के साथ राहुल को गिरफ्तार करने में कामयाबी तो हासिल कर ली, पर हत्या का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। माना जा रहा है कि अंशु के पकड़े जाने के बाद ही कत्ल का कारण बेनकाब हो सकेगा। एसपी यमुनापार ने बताया कि हत्याकांड में वांछित रेस्टोरेंट संचालक निखिल निवासी पंडित का पूरा थाना जिगना मिर्जापुर व उसके साथी विवेक व अंशु सिंह, अंकुर सिंह, कुलदीप, दीपक, विवेक शुक्ला निवासी चक दाउदनगर नैनी की तलाश में छापेमारी की जारी है। पुलिस फरार आरोपियों के लिए गैर जमानती वारंट लेने और संपत्ति कुर्क करने की कार्यवाही के प्रयास में जुट गई है।

अप्रैल की रात हुई थी घटना

हत्या की यह वारदात छह अप्रैल की रात महुआरी गांव के सामने हुई थी। जहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने युनाइटेड कॉलेज के छात्र अभिषेक मिश्रा व शिवम शुक्ला को गोली मार दी थी। इलाज लखनऊ के केजीएयू में चल रहा था। घटना के दो दिन बाद उपचार के दौरान शिवम की मौत हो थी। तफ्तीश में जुटी पुलिस को मामले में राहुल समेत सात अभियुक्तों की जानकारी मिली। सभी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई।

फरार चल रहे सभी छह अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा पूरी कोशिश की जा रही है। प्रयास सफलता की ओर है। जल्द ही सभी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

-दीपेंद्र नाथ चौधरी, एसपी यमुनापार

Posted By: Inextlive