JAMSHEDPUR: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र कैरेज कॉलोनी निवासी लाखो सिंह की अपहरण कर हत्या किए जाने के मामले में फरार आरोपित रौनक सिंह की गिरफ्तारी से नई बात सामने आई है और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लाखो सिंह का शव परसुडीह थाना क्षेत्र डीवीसी मैदान की झाड़ी से बरामद कर लिया। शव चटाई में लपटा सड़ा-गला मिला। कपड़े से शव की पहचान की गई।

आरोपित ने बताया कि बागबेड़ा थाना क्षेत्र जिलिंगगोड़ा के डैंम में नही बल्कि परसुडीह में लाखों की गोली मारकर हत्या की गई थी। लाखो सिंह की 16 अगस्त को आपसी रंजिश में बसंत उपाध्याय, अफजल और रौनक सिंह ने कर दी गई थी, लेकिन लाश बरामद नहीं हो पाई थी। लाखो सिंह की मां रानी कौर की शिकायत पर अपहरण कर लिए जाने की प्राथमिकी 26 अगस्त को बर्मामाइंस थाने में दर्ज कराई गई थी। इस मामले में पुलिस अफजल और बसंत उपाध्याय को पहले ही जेल भेज चुकी है।

पिस्तौल से मारी थी गोली

रौनक सिंह ने बताया कि दो वर्ष पहले बसंत उपाध्याय के मुंह में लाखो सिंह ने पिस्तौल घुसेड़ दी थी। मारपीट कर घायल कर दिया था। इसका बदला लेने को उसके और अफजल की मदद से बसंत उपाध्याय ने लाखो सिंह की पिस्तौल से ही उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। शव को झाडि़यों में फेंक दिया था।

सभी को पिलाई थी शराब

रौनक सिंह ने बताया कि 16 अगस्त की शाम आठ बजे बर्मामाइंस कैरेज कालोनी आवास में उसे, मो। अफजल, लाखो सिंह, राजा मजूमदार समेत कई को शराब पिलाया। राजू मजूमदार घर चला गया। बसंत उपाध्याय ने अपनी स्कूटी और अफजल की बुलेट से कैरेज कॉलोनी से सभी एक साथ स्टेशन रोड आए। सिंह होटल से खाना लिया। शराब दुकान से शराब ली। खाने-पीने के बाद सभी योजना के अनुसार परसुडीह डीवीसी मैदान के पास ले गए। लाखो काफी नशे में था। उसकी पिस्तौल बसंत ने छीन ली। गोली मारकर हत्या कर दी।

कुएं में फेंक दिया मोबाइल

रौनक सिंह ने बताया लाखो सिंह का मोबाइल बागबेड़ा संजयनगर तालाब के पास एक कुएं में फेंक दिया। स्कूटी अपने घर ले गया। बसंत उपाध्याय और अफजल जब गिरफ्तार किए गए थे तो पुलिस ने उसके घर से स्कूटी और कुएं से मोबाइल बरामद किया गया था।

पुलिस को गुमराह किया

बर्मामाइंस इंस्पेक्टर रामयश प्रसाद ने बताया लाखो की हत्या के मामले में पांच सितंबर को बसंत उपाध्याय और अफजल पकड़े गए थे। दोनों ने पूछताछ में बताया था कि बागबेड़ा जिलिंगगोड़ा डैम के पास बीयर की बोतल फोड़ लाखो की पेट में घुसेड़ दी थी। उसकी मौत के बाद शव को डैम की पानी में बहा दिया था। इस मामले में रौनक सिंह फरार था। उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने सही जानकारी दी। इस कारण लाखो सिंह का शव बरामद कर लिया गया। ये भी बताया कि गोली मारकर हत्या की गई थी। पिस्तौल बसंत उपाध्याय के पास है। पुलिस बसंत और अफजल को रिमांड पर लेगी।

Posted By: Inextlive