- अरगोड़ा चौक में हुआ हादसा

- लोहे के पोल पर झंडा लगा रहे थे कार्यकर्ता, 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आने से दौड़ा करंट

RANCHI (13 Mar) : सिटी के अरगोड़ा चौक पर मंगलवार की रात एक दर्दनाक हादसे में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक कार्यकर्ता की करेंट लगने से मौत हो गयी, जबकि चार अन्य घायल हो गये। बताया जाता है कि 18 मार्च को नये वर्ष की तैयारी के लिए संघ की अरगोड़ा शाखा द्वारा चौक पर झंडा लगाया जा रहा था। झंडा एक लोहे के पोल पर लगाया जा रहा था। उसे खड़ा किया गया, तो पोल बिजली की तार (11 हजार वोल्ट) के चपेट में आ गया, जिस कारण आरएसएस अरगोड़ा शाखा के मुख्य शिक्षक विपुल कुमार सिंह (26 वर्ष) की मृत्यु हो गई और राजा कुमार (25 वर्ष), चंदन सिंह (24 वर्ष), सूरज पांडे (31 वर्ष) तथा अभिषेक जालान (35 वर्ष)घायल हो गए। सभी को पहले सेवा सदन ले जाया गया फिर देवकमल हॉस्पिटल ले जाया गया जहां 3 लोगों को आईसीयू में भर्ती किया गया है। विपुल के पिता जामताड़ा पुलिस में कांस्टेबल हैं। जामताड़ा एसपी के माध्यम से उन्हें खबर भिजवा दी गयी है। पूरी स्थिति पर रांची के सिविल सर्जन नजर रखे हुए हैं।

झंडा लगाने के क्रम में झुलसे स्वयंसेवक

घायल चंदन कुमार सिंह ने बताया कि 18 मार्च को ¨हदू नववर्ष का कार्यक्रम होना है। इसकी तैयारी जोर-शोर से चल रही है। इसी क्रम में मंगलवार को रात साढ़े नौ बजे संघ का ध्वज अरगोड़ा चौक स्थित लोहे के पोल पर लगा रहे थे। संघ का ध्वज लगाने के बाद पोल को खड़ा करने लगे। तभी ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट बिजली के तार की चपेट में सभी आ गए। इसके बाद लोहे का पोल बीच चौक पर गिर गया।

चौक पर मरी अफरा-तफरी

बिजली के करंट से झुलसने की घटना के बाद पूरे चौक पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रैफिक पोस्ट में तैनात पुलिसकर्मी ने वायरलेस से तुरंत सूचना टेट्रा कंट्रोल और अरगोड़ा थाना को दी। सूचना मिलने के बाद अरगोड़ा इंस्पेक्टर रतिभान सिंह मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायल स्वयंसेवकों को इलाज के लिए सेवा सदन अस्पताल भेजा। हादसे की सूचना मिलने के बाद कांके विधायक जीतू चरण राम सेवा सदन घायलों से मिलने पहुंचे। इसके अलावा महावीर मंडल के पदाधिकारी भी हॉस्पिटल पहुंचे।

Posted By: Inextlive