RANCHI: राजभवन उद्यान को देखने के लिए शनिवार को रिकॉर्ड भीड़ उमड़ी। भीड़ इतनी उमड़ी कि इसने बीते रविवार के आंकड़े को भी पार कर लिया। शनिवार को 1,05,498 लोग राजभवन उद्यान के भ्रमण को पहुंचे। इससे पूर्व बीते रविवार को 1 लाख 425 लोग पहुंचे थे। राजभवन उद्यान में लोग अपने परिजनों तथा दोस्तों के साथ आकर यहां खूब मस्ती करते देखे जा रहे हैं। उद्यान में फूलों की क्यारी, फलों के पेड़, औषधीय पौधे और पक्षियों का बसेरा भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा है।

ट्रैफिक दुरूस्त करने को मशक्कत

शनिवार को राजभवन उद्यान के बाहर इतनी भीड़ हो गई कि ट्रैफिक पुलिस को यातायात दुरूस्त करने के लिए खूब मशक्कत करनी पड़ी। राजभवन उद्यान में खूबसूरत नजारे का दीदार करने वालों में महिला, पुरुष, छात्र-छात्र तथा स्कूल जाने वाले बच्चे भी शामिल थे। बता दें कि इस साल राजभवन उद्यान में दूसरी बार लोगों की संख्या एक लाख के आंकड़े को पार कर चुकी है। यह उद्यान 16 फरवरी तक खुलना था लेकिन उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू के रांची आगमन के कारण सुरक्षा कारणों से यह रविवार को बंद रहेगा। अब राजभवन उद्यान को 23 फरवरी को खोला जाएगा।

म्यूजिकल फव्वारा

राजधानी रांची स्थित राजभवन उद्यान में मौजूद सैकड़ों प्रकार के फूल, म्यूजिकल फव्वारा, औषधीय गुणों से भरपूर पेड़-पौधे तथा भारतीय सेना का गौरव रह चुका 1976 का मिसाइल टैंक लोगों का आकर्षण का केंद्र है। यहां संगीत की धुन के साथ ताल मिलाते पानी के फव्वारे पर लोगों की निगाहें थम जाती हैं। तभी तो पिछले 14 दिनों में अब तक 6,45,899 लोग राजभवन उद्यान का भ्रमण कर चुके हैं।

Posted By: Inextlive