-नवीन मंडी महेवा में प्याज का थोक रेट 30 से 32 रुपये प्रति किलो-कर्नाटक में आई बारिश की चलते प्याज में आई तेजी-नासिक से मंगाई जा रही प्याज मंडी में प्याज का आवक 4 से 5 गाड़ी

GORAKHPUR: प्याज अब आंसू बहाने पर आमादा है। पिछले एक माह से प्याज के दाम में तेजी आई है। जहां थोक मंडी में प्याज के रेट 30 से 32 रुपए प्रतिकिलो हैं, वही फुटकर में प्याज ने अर्धशतक बना लिया है। इससे शहरवासियों की परेशानी बढ़ गई है। बताया जा रहा कि कर्नाटक में भारी बारिश होने से प्याज की फसल बर्बाद हो गई थी। वहीं नासिक से आने वाली प्याज की खेप कम है। इस वजह से प्याज के रेट में तेजी है। अनुमान है कि नवंबर के बाद से कुछ हद तक महंगाई से राहत मिल सकती है।

 

फल-सब्जी विक्रेता एसोसिएशन के अध्यक्ष अवध गुप्ता ने बताया कि सबसे बढि़या प्याज डिमांड के हिसाब से मिल नहीं रहा है। होल सेल में प्याज कर्नाटक, राजस्थान, महाराष्ट्र से आता है। इन जगहों पर भारी बारिश के चलते प्याज सड़ गया है। नासिक से प्याज आ रहे हैं। वह भी चार से पांच गाडि़यां ही है। लोकल में अभी प्याज की बुआई चल रही है। लोकल से भी प्याज नहीं आ रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि नवंबर के बाद से नया प्याज मंडी में आने लगेगा। सबकुछ ठीक ठाक रहा तो नवंबर के बाद से ही नया प्याज मंडी में आने लगेगा।

 

प्याज के थोक कारोबारी महामंत्री फिरोज अहमद राईन ने बताया कि थोक मंडी में प्याज के रेट पर नियंत्रण है। लेकिन फुटकर में तेजी आई है, क्योंकि मंडी में आवक कम होने की वजह से ऐसा हुआ है। बाहर से ही प्याज की खेप कम आ रही है। यदि यहीं स्थिति रही तो प्याज के भाव में और तेजी आ सकती है।

Posted By: Inextlive