- प्रतिदिन 2 सौ से ज्यादा होती थी रजिस्ट्री सर्वर डाउन बना जी का जंजाल- 1 करोड़ प्रतिदिन राजस्व का हो रहा नुकसान आवेदक दिन भर कर रहे इंतजार

BAREILLY:

शासन ने भवन, दुकान समेत जमीन की खरीद फरोख्त की रजिस्ट्री प्रक्रिया में व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म कर पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था शुरू की। लेकिन पिछले करीब माह भर से डाउन हुए सर्वर की वजह से रजिस्ट्रेशन का मार्केट डाउन हो गया है। माह भर में महज 8 भवनों के ही रजिस्ट्रेशन जिले भर में हुए हैं। जिसकी वजह से कर्मचारियों ने भी हड़ताल घोषित कर धरने पर बैठ गए हैं। बगैर पुख्ता इंतजाम के शुरू की गई ऑनलाइन व्यवस्था से शासन को भी अब तक 30 करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान हो चुका है।

 

सुबह से हो रही शाम

रजिस्ट्रेशन कराने के लिए जेल रोड स्थित रजिस्ट्री ऑफिस पहुंच रहे लोगों को सिर्फ मायूसी ही हाथ लग रही है। लोग अपने कई जरूरी काम छोड़कर कार्यालय पहुंच रहे हैं, लेकिन सर्वर की प्रॉब्लम से सारा दिन यहीं गुजारना पड़ रहा है। यही हाल बिल्डर्स का भी है जिससे रिटेल सेक्टर भी प्रभावित हो रहा है। क ॉलोनाइजर्स की ओर से भेजे गए प्रतिनिधि और क्लाइंट सर्वर के ऑन होने का इंतजार कर रहे हैं। कइयों ने अपने नंबर कातिब को दे दिया है। ताकि सर्वर ऑन होने की सूचना पर रजिस्ट्री कार्य पूरा किया जा सके।

 

29 दिन में 8 रजिस्ट्री

3 अक्टूबर को सीएम ने लखनऊ से रजिस्ट्री प्रक्रिया को ऑनलाइन किया था। वहीं, करीब साल भर पहले ऑफलाइन प्रक्रिया चल रही थी। ऑफलाइन से पहले मैन्युअली रजिस्ट्री की जाती थी। कातिब तुलसीदास ने बताया कि मैन्युअली जिले भर में 2 सौ रजिस्ट्री होती थी। जो ऑफलाइन होने के बाद 120 से 125 तक पहुंच गई थी। वहीं, 3 अक्टूबर के बाद स्थिति दो से तीन दिन में सिर्फ एक ही रजिस्ट्री जिले भर में हो पा रही है। प्रतिदिन जहां 80 लाख से 1 करोड़ रुपए तक का राजस्व जमा होता था। वह गिरकर अधिकतम 1 लाख रुपए तक पहुंच चुका है।

 

यहां है सर्वर डाउन

फरीदपुर, नवाबगंज, मीरगंज, बहेड़ी, सदर द्वितीय, सदर प्रथम, आंवला।

 

एक नजर में

- 29 दिन से लागू है ऑनलाइन प्रक्रिया

- 8 रजिस्ट्री की ही हो सकी है फीडिंग

- 1 करोड़ रुपए रोजाना राजस्व नुकसान

- 2 सौ रजिस्ट्री प्रतिदिन होती थी मैन्युअली

- 7 तहसीलों में हर जगह हड़ताल शुरू

 

जब से रजिस्ट्री प्रक्रिया ऑनलाइन हुई है तभी से सर्वर डाउन है। लखनऊ हेड ऑफिस बात हुई। टेक्निकल फाल्ट जल्द ठीक करने की बात कही है। कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन कर हड़ताल पर चले गए हैं।

ब्रिजेश कुमार, उपनिबंधक सदर प्रथम

 

पिछले 8 दिनों से लगातार रजिस्ट्री ऑफिस आ रहा हूं। सुबह से शाम यहीं हो रही है। दिन में दो से तीन मिनट के लिए ही सिर्फ सर्वर आने की बात कर्मचारी कह कर इंतजार करने को कह रहे हैं।

आरिफ, पीडि़त, बानखाना

 

चार दिन हो गए सर्वर आ ही नहीं रहा। कर्मचारी भी हड़ताल पर चले गए हैं। शासन ने ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू की थी तो पहले पूरी तैयारी कर लेनी चाहिए थी। अब सभी परेशान हो रहे हैं।

विजय, पीडि़त, सुभाषनगर

 

सर्वर डाउन होने की वजह से रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहा है। अधिकारियों ने जल्द प्रॉब्लम सॉल्व होने की बात कही थी। माह भर गुजर गया है अभी तक सिर्फ सर्वर की प्रॉब्लम बरकरार है।

अनुभव गुप्ता, डायरेक्टर, स्वर्ण हाइट इंफ्रा

Posted By: Inextlive