RANCHI: रांची जिला परिवहन कार्यालय(डीटीओ) में पिछले तीन दिनों से सभी प्रकार के ऑनलाइन कार्य ठप हैं। 28 दिसंबर को दिन के लगभग 12 बजे से लिंक फेल है। बताया गया कि तकनीकी कारणों से लिंक फेल होने के कारण ऑनलाइन कार्य ठप है। नतीजन, रजिस्ट्रेशन, पेमेंट, लाइसेंस, रिन्यूवल समेत तमाम काम बंद हो गए हैं। हर दिन लोग डीटीओ कार्यालय पहुंच रहे हैं और बिना काम कराए निराश होकर लौट रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि अब तो सब कुछ ऑनलाइन हो गया है। ऐसे में हमलोग बिना लिंक के कुछ कर भी नहीं पा रहे हैं।

फॉल्ट दूर करने में जुटे एक्सप‌र्ट्स

लिंक फेल होने के कारण सभी तरह के काम बंद हैं। इससे वाहनों का रजिस्ट्रेशन, एचपी, कैंसिलेशन, वाहन ट्रांसफ र आदि कार्य बंद है। डीटीओ नागेंद्र पासवान ने लिंक फेल होने की सूचना विभाग को दी। इसके बाद एनआइसी व झारनेट के लोग लिंक जोड़ने तथा तकनीकी त्रुटि दूर करने में जुट गए हैं। लेकिन, शनिवार शाम तक लिंक नहीं आ पाया था। वहीं, कर्मचारी दिन भर लिंक आने की उम्मीद में ऑफि स में डटे रहे।

ऑनलाइन सिस्टम पर उठे सवाल (बॉक्स)

डीटीओ कार्यालय में जबसे ऑनलाइन व्यवस्था शुरू हुई है, बहुत सारा काम प्रभावित हो रहा है। पहले जब ड्राइविंग लाइसेंस ऑफलाइन बन रहा था, तब अधिक लाइसेंस बन रहे थे। डीटीओ ऑफिस के कर्मचारियों की मानें, तो हर दिन 25 से 30 लाइसेंस बनते थे। लेकिन, अब चार से पांच लाइसेंस ही बना पा रहे हैं। अब तो हमेशा लिंक फेल होने के कारण परेशानी बनी रहती है।

नहीं मिल रहा अप्रूवल, परेशानी (बॉक्स)

डीटीओ ऑफिस में सब कुछ ऑनलाइन होने के बाद स्लो नेटवर्क सबसे बड़ा बाधा बन रहा है। मैन्युअली ड्राइविंग लाइसेंस बनना बंद हो गया है और अब ऑनलाइन लाइसेंस ही बनाए जा रहे हैं। लोग ऑनलाइन अप्लाई तो कर रहे हैं, लेकिन डीटीओ ऑफि स में लिंक फेल होने के कारण अप्रूवल नहीं मिल पा रहा है। परेशान लोग आवेदन लेकर डीटीओ ऑफिस पहुंच रहे हैं।

क्या कहते हैं आवेदक

डीटीओ ऑफिस में तीन दिनों से काम नहीं हो पा रहा है। हर दिन आवेदकों से कहा जा रहा है कि लिंक ही फेल है। ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन तो दिए हैं, लेकिन अप्रूवल मिले तब तो।

-राजेश राज, आवेदक

तीन दिनों से कोई काम नहीं हो पा रहा है। लाइसेंस बनाने के लिए हमलोग आवेदन पहले ही दे दिए हैं, लेकिन पेमेंट करने के बाद भी ऑफिस में लिंक फेल होने के कारण कुछ नहीं हो पा रहा है।

निशांत, आवेदक

Posted By: Inextlive