अब निगम खुद ही करेगा नालों की सफाई

- एक महीनें में होगी 9 बड़े नालों की सफाई

- हर नाले के लिए विशेष टीम गठित

PATNA :

बीते साल 2019 में पटना ने जलजमाव की त्रासदी झेली। इस साल भी कहीं त्रासदी न झेलनी पड़ जाए, इसको लेकर पटना निगम ने तैयारी पहले से ही शुरू कर दी। शहर के सभी मुख्य नालों की उड़ाही के लिए नगर निगम ने टेंडर तो निकाला, लेकिन इसे भरने में एजेंसियों ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। इतने बड़े काम में एजेंसियों का दिलचस्पी न लेना नगर निगम की साख पर बट्टा लगने जैसा है। सूत्रों की मानें तो पिछले साल हुए जलजमाव और उसके बाद एक-दूसरे पर दोषारोपण के कारण एजेंसियों की नजर में नगर निगम की साख गिरी है।

सिर्फ एक एजेंसी ने भरा था टेंडर

पिछले साल हुए भारी जलजमाव की जांच के लिए बिहार सरकार द्वारा गठित समिति ने पटना नगर निगम अंतर्गत सभी 9 बड़े नालों की उड़ाही का कार्य एजेंसी के माध्यम से कराने का सुझाव दिया था। एजेंसी के चयन के लिए टेंडर भी जारी किया गया, लेकिन सिर्फ एक एजेंसी ने इसके लिए अप्लाई किया। जिस कारण एजेंसी का चयन नहीं हुआ। इसलिए इन सभी नालों की सफाई भी निगम के कर्मियों द्वारा सुपर शकर, पोकलेन, समेत अन्य मशीनों के जरिये की जाएगी। कायरें को ससमय एवं गुणवत्तापूर्वक कराने के लिए प्रत्येक नाले की उड़ाही के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है।

- एक्शन में सड़क पर दिखे अधिकारी

पटना नगर निगम के कंकड़बाग अंचल अंतर्गत अवस्थित योगीपुर नाले की उड़ाही का कार्य बुधवार को शुरू हुआ। नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा ने उड़ाही कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त (योजना), अपर नगर आयुक्त (सफाई) और कंकड़बाग अंचल के कर्मी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त द्वारा सभी बड़े नालों के साथ-साथ निगम क्षेत्र के अंतर्गत अन्य सभी छोटे नालों, नालियों, मैनहोल, कैचपिट आदि की उड़ाही का कार्य भी मई तक पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

जोनवाइज ये है टीम

पाटलिपुत्र जोन : पाटलिपुत्र जोन के अंतर्गत सभी तीन बड़े नालों मंदीरी नाला, आनंदपुरी नाला एवं कुर्जी/राजीव नगर नालों की उड़ाही के लिए पाटलिपुत्र अंचल के मुख्य सफाई निरीक्षक को उत्तरदायित्व सौंपा गया है। वहीं, संसाधनों की उपलब्धता के लिए पाटलिपुत्र प्रमंडल के कनीय अभियंता को तकनीकी पदाधिकारी एवं अंचल के नगर प्रबंधक को पर्यवेक्षी पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। उड़ाही कार्य के तकनीकी पक्ष से जुड़ी आवश्यकताओं एवं दिशा-निर्देशों की पूर्ति के लिए कार्यपालक अभियंता, पाटलिपुत्र प्रमंडल एवं प्रशासनिक कार्य के लिए कार्यपालक पदाधिकारी, पाटलिपुत्र अंचल को जिम्मा सौंपा गया है।

नूतन राजधानी जोन : नूतन राजधानी अंतर्गत सपर्ेंटाइन नाला, बाईपास नाला एवं बाकरगंज नालों की उड़ाही का उत्तरदायित्व अंचल के मुख्य सफाई निरीक्षक को सौंपा गया है। संसाधनों की पूर्ति के लिए कनीय अभियंता, एनसीसी प्रमंडल को जिम्मा सौंपा गया है। साथ ही नगर प्रबंधक, एनसीसी को पर्यवेक्षी पदाधिकारी बनाया गया है। नाला उड़ाही कार्य के लिए वरीय पदाधिकारी (तकनीकी) कार्यपालक अभियंता, नूतन राजधानी प्रमंडल एवं प्रशासनिक कायरें के लिए कार्यपालक पदाधिकारी, नूतन राजधानी अंचल को उत्तरदायी पदाधिकारी बनाया गया है।

कंकड़बाग जोन : कंकड़बाग अंचल अंतर्गत दोनों बड़े नालों योगीपुर नाला एवं बाईपास नाला की उड़ाही के लिए मुख्य सफाई निरीक्षक, कंकड़बाग अंचल को उत्तरदायी कर्मी एवं कार्यपालक पदाधिकारी को वरीय उत्तरदायी पदाधिकारी बनाया गया है। अंचल के नगर प्रबंधक को पर्यवेक्षक की भूमिका सौंपी गयी है। वहीं, संसाधनों की उपलब्धता एवं तकनीकी रूप से कायरें का उत्तरदायी कनीय अभियंता एवं वरीय उत्तरदायी पदाधिकारी के रूप में कार्यपालक अभियंता, कंकड़बाग प्रमंडल को प्रतिनियुक्त किया गया है।

बाकरगंज एवं अजीमाबाद जोन : बाकरगंज एवं अजीमाबाद अंचल अवस्थित सैदपुर नाला की उड़ाही के लिए दोनों अंचल के मुख्य सफाई निरीक्षक को उत्तरदायी पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं दोनों अंचल के कार्यपालक पदाधिकारियों को वरीय उत्तरदायी पदाधिकारी बनाया गया है। दोनों अंचल के नगर प्रबंधकों को पर्यवेक्षी बनाया गया है। वहीं, संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी कनीय अभियंता, बाकरगंज एवं अजीमाबाद प्रमंडल के कनीय अभियंताओं को सौंपी गई है। कायरें के तकनीकी रूप से उत्तरदायित्व के लिए दोनों प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंताओं को जिम्मा दिया गया है।

नगर आयुक्त करेंगे मॉनिटरिंग

मुख्यालय स्तर से सभी नालों की उड़ाही कार्य की निगरानी के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, नियमित अंतराल पर खुद नगर आयुक्त खुद भी कायरें की समीक्षा करते रहेंगे।

-------

नाला उड़ाही के लिए जारी किए गए टेंडर में सिर्फ एक एजेंसी ने अप्लाई किया है। ऐसा लग रहा है कि पिछले वर्ष के हुए जलजमाव के कारण एजेंसियां डरी हुई हैं, और अपना इंटरेस्ट नहीं दिखा रही हैं। अधिक समय न बर्बाद करते हुए हमने खुद ही इसे करने का निर्णय लिया है।

- हिमांशु शर्मा, नगर आयुक्त

पटना नगर निगम

------

ये हैं शहर के प्रमुख 9 नाले

सपर्ेंटाइन नाला, योगीपुर नाला, मंदीरी नाला, बाकरगंज नाला, आनंदपुरी नाला, कुर्जी नाला, बाईपास नाला (कंकड़बाग क्षेत्र), बाईपास नाला (नूतन राजधानी क्षेत्र) एवं सैदपुर नाला।

Posted By: Inextlive