गुरुवाणी का गायन करते निकली महान नगर कीर्तन यात्रा

ALLAHABAD: गुरु गोबिन्द सिंह महाराज के 351वें प्रकाश उत्सव की खुशी में रविवार को नगर कीर्तन शोभायात्रा का आयोजन किया गया। सुबह करीब 11:30 बजे नगर कीर्तन शोभायात्रा पंज प्यारों की अगुवाई में गुरुद्वारा गुरु नानक दरबार मीरापुर से निकली। इस दौरान गुरु गोबिन्द सिंह के भक्तों का हुजूम गुरुवाणी का गायन करते हुए गरुद्वारा मार्ग गोलपार्क, कल्याणी देवी पावर हाऊस, चौधरी गार्डेन, खत्री पाठशाला चौराहे से होते हुए दोपहर बाद वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर समाप्त हुआ। गुरुवाणी कीर्तन में खालसा सेवकों का जत्था भी साथ साथ चला। इस दौरान लोगों ने यात्रा के मार्ग पर जगह-जगह खाने के स्टाल भी लगाये थे। इसके बाद गुरु के लंगर का भी भव्य आयोजन किया गया। जिसमें करीब पन्द्रह सौ से दो हजार लोगों ने भाग लिया।

कीर्तन से करेंगे निहाल

गुरुद्वारा गुरु नानक दरबार के अध्यक्ष मनजीत सिंह ने बताया कि 12 एवं 13 जनवरी को सुबह के सत्र में 08 बजे से कीर्तन का आयोजन किया जायेगा। रात्रि 08 बजे से कीर्तन दरबार का आयोजन डीएवी कॉलेज हाल में होगा। इसमें सैकड़ों की संख्या में लोगों की मौजूदगी होगी। उन्होंने बताया कि 14 जनवरी को डीएवी कॉलेज ग्राउंड में सुबह 11 बजे से शबद कीर्तन, कथा, गुर इतिहास, अरदास और हुक्मनामा के बाद लंगर होगा। 13 और 14 जनवरी को भाई सुरिन्दर सिंह जोधपुरी और भाई अरविन्दर सिंह निरगुन का जत्था गुरु के भक्तों को कीर्तन से निहाल करेगा। रविवार को निकाली गई शोभायात्रा का संचालन अमरजीत सिंह ने किया। इसमें सरदार देवेन्द्र सिंह, सरदार बलजीत सिंह, सरदार जतिन्द्र सिंह, रंजीत सिंह, जागेन्द्र पाल सिंह, नरेन्द्र सिंह, तेजपाल सिंह, गुरुचरण सिंह, भगवान सिंह, वीर सिंह आदि प्रमुख लोग शामिल रहे।

Posted By: Inextlive