-पानी निकलने के बाद वाहन सर्विस सेंटरों पर लगी क्यू

PATNA(14 Oct):

राजधानी के राजेंद्र नगर इलाके में

जलजमाव खत्म होने के बाद बर्बादी की तस्वीर सामने आने लगी हैं।

जलजमाव की वजह से दुकानों, घरों में रखे गए 15 हजार से अधिक फोर व्हीलर और टू व्हीलर डूब कर खराब हो गए हैं। मैकेनिक का कहना है कि पानी में डूबे व्हीकल्स की लाइफ कम हो गई है। स्थिति यह है कि अब बीमा कंपनियां भी क्लेम देने में आनाकानी कर रही हैं। लोगों को अपनी गाड़ी ठीक कराने के लिए भी भागदौड़ करनी पड़ रही है। शहर के कई सर्विस सेंटरों में सर्विसिंग के लिए 10 दिनों की वेटिंग चल रही है। वहीं, मैकेनिक के पास भी सर्विसिंग के लिए गाडि़यों की भीड़ लग रही है।

- डेढ से दो लाख तक हो रहा खर्च

राजेन्द्र नगर रोड नंबर 12 निवासी सरोज कुमार ने बताया कि हाल ही में होंडा सिटी कार खरीदी थी। 6 दिनों तक वह पानी में डूबी रही। जब इसे सर्विस सेंटर ले गया तो पता चला कि इसे ठीक कराने में लगभग दो लाख रुपए खर्च आएंगे। बीमा कंपनी से बात करने पर सर्विस सेंटर में भेजने से पहले शिकायत नहीं करने की बात कहकर टाल दिया गया है। ऐसे में जेब से पैसा खर्च कर गाड़ी ठीक कराना मजबूरी हो गया है।

-बीमा कंपनी नहीं दे रही क्लेम

वाहन स्टार्ट करने से पूर्व सूचना नहीं देने या बिना सूचना के सर्विस सेंटर भेजने वाले वाहन स्वामियों को बीमा कंपनियां क्लेम देने से साफ तौर पर मना कर रही हैं। इस संबंध में इंश्योरेंस कंपनी के एजेंट राम बहादुर शुक्ला ने बताया कि किसी भी वाहन का क्लेम उसी स्थिति में मिलता है जब उसकी पूरी जानकारी समय रहते इंश्योरेंस कंपनी को दी जाती है। मगर राजेन्द्र नगर इलाके के अधिकांश लोग बिना सूचना के वाहन सही करवा रहे हैं ऐसे में क्लेम मिलना संभव नहीं है।

-सर्विस सेंटरों में नहीं है जगह

कुर्जी स्थित बजाज के शो रूम में काम करने वाले मैकेनिक विनोद ने बताया कि अगले चार दिनों तक के लिए सर्विसिंग की जगह नहीं है। इसके बाद ही सर्विस के लिए वाहन लिए जाएंगे। वहीं, भट्टाचार्या रोड स्थित हीरो के सर्विस सेंटर में 2 से 3 बाद की डेट मिल रही है।

पानी के चलते वाहन रखने का जगह नहीं है इसलिए हम लोग वाहन नहीं ले रहे है। अगले 2 से 3 दिन तक यही हाल रहेगा। उसके बाद स्थिति नॉर्मल होने की संभावना है।

-अतुल कुमार, कन्या हीरो सर्विस सेंटर

समान्यतया एक दिन 80 से 100 बाइक सर्विस के लिए आती थीं। मगर जलजमाव के चलते 150 से ज्यादा बाइक सर्विस के लिए प्रतिदिन आ रही हैं। ऐसे में इतने वाहन को एक साथ सर्विस करना संभव नहीं है।

- मार्केडेय, मैकेनिक बजाज सर्विस सेंटर

-10

हजार बाइक खराब हो गई जलजमाव में।

-3

हजार से ज्यादा फोर व्हीलर को नुकसान पहुंचा।

-2

हजार से अधिक ऑटो हुए बर्बाद।

Posted By: Inextlive