भारतीय बैडमिंटन स्टार पी. कश्यप इंडोनेशियन ओपन सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में आठवीं वरीयता प्राप्त जापान से केंटो मोमोटा ने कश्यप को कड़े संघर्ष के बाद 12-21 21-17 21-19 से हराया। यह मुकाबला 1 घंटे 17 मिनट चला।

वापसी नहीं आई काम
पहले गेम की शुरुआत में मोमोटा ने अच्छा खेल दिखाया और एक समय कश्यप 9-7 से आगे थे। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने दमदार खेल दिखाते हुए 17-8 की बढ़त बना ली। उन्होंने पहला गेम मात्र 16 मिनटों में 21-12 से जीत लिया। दूसरे गेम में मुकाबला ज्यादा संघर्षपूर्ण नजर आया। मोमोटा ने 5-1 की शुरुआती बढ़त बनाई, लेकिन इसके बाद कश्यप 9-5 से आगे हो गए। इसके बाद ज्यादा संघर्ष हुआ और साइड चेंज के दौरान कश्यप 11-9 से आगे थे। इसके बाद एक-एक अंक के लिए कड़ा संघर्ष हुआ।
अंत में पलटी बाजी
जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता गया मोमोटा ने 17-15 की बढ़त बनाई, लेकिन कश्यप ने वापसी कर स्कोर 17-17 कर दिया। इसके बाद मोमोटा ने संयम बनाए रखते हुए लगातार चार अंक हासिल कर यह गेम 21-17 से अपने नाम किया। तीसरे गेम में शुरुआत से ही कड़ी जद्दोजहद देखने को मिली। 14-13 के बाद कश्यप ने लगातार तीन अंक हासिल कर 17-13 की बढ़त बनाई। मोमोटा ने वापसी की। इसके बाद कश्यप 19-16 से आगे हो गए थे, लेकिन मोमोटा ने लगातार 5 अंक बनाते हुए यह गेम 21-16 से जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
और थम गया विजय रथ
कश्यप ने इससे पहले फाइनल तक के सफर में कई दिग्गज खिलाड़ियों को धूल चटाई थी। उन्होंने दूसरे दौर में पांचवीं वरीयता प्राप्त सून वान हो (कोरिया) और क्वार्टर फाइनल में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी चीन के चेन लोंग को हराकर धमाके किए थे, लेकिन मोमोटा ने उनका विजयी रथ थाम लिया।

Hindi News from Sports News Desk

 

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari