पंचायत के बाद भी नहीं निकला फैसला

शादी से इनकार पर कायम रहा दूल्हा, लड़की बदलने का लगाया था आरोप

ALLAHABAD: थाने में पंचायत हुई। दोनों पक्षों के अगुवा ने कोशिश की और फिर गांव के लोगों की पंचायत हुई। इतने के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला। दूल्हा अपनी जिद पर पड़ा रहा कि उसे जो लड़की दिखाई गई और जिसके साथ वह सात फेरे लेगा, दोनों में अंतर है और वह इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर सकता। इसके बाद लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हे समेत उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला धूमनगंज थाने में दर्ज करा दिया। पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज हो गई है तो उसके आधार पर कार्रवाई भी होगी।

धूमनगंज एरिया का मामला

धूमनगंज थाना क्षेत्र के अकबरपुर निवासी मोहन लाल के बेटे राघवेंद्र की बारात गुरुवार को कौशाम्बी के सल्लाहपुर हटवा गांव के रहने वाले राम संजीव के घर जानी थी। दोनों पक्षों की ओर से तैयारी पूरी हो चुकी थी। कार्ड बांट दिए गए थे। रिश्तेदार भी घर पहुंचने लगे थे। बुधवार को लड़की पक्ष के लोगों को तगड़ा झटका लगा जब पता चला कि लड़के ने शादी से इंकार कर दिया है। भागे दौड़े परिवार के लोग लड़के के घर पहुंचे। लेकिन, बात नहीं बनी। इसके बाद लड़की पक्ष के लोग धूमनगंज थाने पहुंचे तो लड़के पक्ष के लोग भी पहुंच गए। पुलिस ने रात में पंचायत कराकर मामला रफा-दफा कराने की कोशिश की लेकिन कामयाबी नहीं मिली। तय हुआ कि गुरुवार को फिर से पंचायत होगी। पंचायत में दोनों पक्ष बैठे भी लेकिन अपनी बात पर अड़े रहे। इससे कोई निष्कर्ष नहीं निकला। नतीजा बारात नहीं निकली।

बाक्स

बाइक, टीवी-फ्रिज के लिए तोड़ा रिश्ता

घटना के संबंध में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए धूमनगंज थाने में तहरीर देने वाले लड़की पक्ष के लोगों का कहना था कि दहेज में बाइक, टीवी और फ्रीज की डिमांड की गई थी। वह लड़की पक्ष के लोगों की यह मांग पूरी कर पाने में असमर्थ थे। यह असमर्थता उन्होंने लड़के वालों से जता दी थी। उनका आरोप है कि इसी के चलते लड़के वालों ने रिश्ता तोड़ दिया है। लड़की के पिता राम सजीवन की तहरीर पर धूमनगंज थाने की पुलिस ने धारा 314 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

बाक्स

दिखाया किसी को, शादी किसी से

बुधवार की रात थाने पहुंचे दूल्हा पक्ष के लोगों का आरोप था कि शादी की बात चलने के समय जिस लड़की को दिखाया गया था उससे शादी नहीं होने जा रही है। दोनों लड़कियों के चेहरे में फर्क है। इसके चलते उन्होंने शादी से इंकार किया है। इसके लिए उन्होंने 24 मई को गोद भराई की रस्म के दौरान के तथ्य भी रखे। बताया कि शादी की बात शुरू करने के लिए जिस तस्वीर को दिखाया गया था वह लड़की दूसरी है। इसी के चलते शादी से इंकार किया जा रहा है।

सल्लाहपुर के लोगों ने बुधवार को थाने में हंगामा किया था। लड़का पक्ष पर दहेज के लिए शादी से इनकार करने का आरोप लगाया था। लड़का पक्ष लड़की बदलने का आरोप लगाते हुए अपनी जिद पर अड़ा रहा। गुरुवार को बारात आनी थी, लेकिन बारात नहीं आई। जिस पर लड़की पक्ष के तहरीर पर धारा 314 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

-अरुण कुमार त्यागी

इंस्पेक्टर, धूमनगंज

Posted By: Inextlive