- वर्दी धुलाई में 50 व पौष्टिक आहार भत्ता में 150 रुपए प्रतिमाह की बढ़ोत्तरी

- होमगा‌र्ड्स की आपदा, वनाग्नि, धार्मिक व सामाजिक आयोजनों में महत्वपूर्ण भूमिका: सीएम

>DEHRADUN: ननूरखेडा में होमगा‌र्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा डे पर रैतिक परेड का आयोजन किया गया। परेड में होमगा‌र्ड्स ने कदम से कदम मिलाए। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने परेड की सलामी ली। परेड में होमगा‌र्ड्स में गजब का उत्साह देखा गया। होमगा‌र्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग को बधाई के साथ शुभकामनाएं देते हुए सीएम ने कहा कि होमगा‌र्ड्स कड़ी मेहनत व लगन के साथ राज्य की कानून व शांति व्यवस्था बनाये रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके साथ ही होमगा‌र्ड्स द्वारा आपदा, वनाग्नि, धार्मिक व सामाजिक आयोजनों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाती है।

1000 में से 239 भर्ती शेष

सीएम ने कहा कि उन्हें बहुत खुशी हो रही है कि गत वर्ष की गयी 1000 से अधिक होमगा‌र्ड्स की भर्ती की घोषणा के अनुपालन में 761 होमगा‌र्ड्स की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। शेष प्रोसेस जारी है, जिसको जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में अपनी जान की बाजी लगाकर अपने कर्तव्यों के पालन में होमगा‌र्ड्स पीछे नहीं हटते। उन्होंने इस दौरान लॉ-एन-ऑर्डर व्यवस्था बनाने के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले होमगा‌र्ड्स जवानों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। सीएम ने होमगा‌र्ड्स में वैतनिक कार्मिकों की वर्दी धुलाई भत्ता में 50 व पौष्टिक आहार भत्ता में 150 रुपए प्रतिमाह की बढ़ोतरी करने की घोषणा भी की। सीएम ने होमगा‌र्ड्स द्वारा उत्कृष्ट सेवा के लिए प्रशंसा प्रमाण पत्र व आश्रितों को सहायता राशि का भी वितरण किया। इसी दौरान उन्होंने होमगा‌र्ड्स स्मारिका का भी विमोचन किया। इस दौरान मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा, ऋषिकेश मेयर अनिता ममगाईं, सचिव होम नितेश झा, डीजी अशोक कुमार, कमांडेंट जनरल होमगा‌र्ड्स व नागरिक सुरक्षा पुष्पक ज्योति भी उपस्थित थे।

Posted By: Inextlive